मक्के के खेत में बिछाया जा रहा था मौत का जाल, सागर जहरीली शराब कांड में सरपंच समेत 16 आरोपी गिरफ्तार
सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से 28 लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई ...और पढ़ें

सागर पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार।
HighLights
बंडा में जहरीली शराब से 28 लोगों की मौत हुई।
ततरवारा गांव के मक्के के खेत में फैक्ट्री मिली।
सरपंच चंदू राजपूत गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। जिले के बंडा क्षेत्र में जिस जहरीली शराब से 28 लोगों की मौत हुई, उसे ततरवारा गांव स्थित मक्के के एक खेत में बनाया गया था। यह अवैध फैक्ट्री ततरवारा के सरपंच चंद्रभान राजपूत उर्फ चंदू ने अपने एक रिश्तेदार के खेत में खोल रखी थी।
पुलिस ने इस जहरीली फैक्ट्री पर छापा मारकर वहां से बड़ी मात्रा में नकली शराब, बोतल, ढक्कन, रैपर और शराब बनाने और पैक करने के उपकरण बरामद किया है। पुलिस ने आरोपित चंदू राजपूत को भी गिरफ्तार कर लिया है।
अंतरराज्यीय शराब तस्कर गिरोह का पर्दाफाश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी चंदू राजपूत का संपर्क बरेठी शराब दुकान के लाइसेंसदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर से था। वहीं मनीष लोधी अंतरराज्यीय शराब तस्कर छतरपुर निवासी रवि लखेरा के संपर्क में था।
यह वही रवि लखेरा है जिसे चार मई 2026 को ललितपुर पुलिस ने नकली शराब की फैक्ट्री संचालित करते पकड़ा था। जेल से छूटने के बाद वह सागर में नई फैक्ट्री डालने की कोशिश में था।
सस्ती स्पिरिट से बन रही थी शराब
रवि लखेरा ने ही स्पिरिट से सस्ती शराब बनाने का तरीका सिखाया था। मनीष लोधी और रवि लखेरा ने चंदू राजपूत को स्पिरिट, खाली शीशियां और रैपर सहित अन्य सामग्री उपलब्ध कराई। इसके बाद चंदू राजपूत, उसके रिश्तेदार शिवान्जय और मनीष लोधी ने जन्माष्टमी से दो दिन पूर्व ही सागर गोल्ड का नकली रैपर लगाकर 50 पेटी नकली शराब तैयार की।
मिथाइल अल्कोहल की मात्रा की बढ़ाए जाने से यह शराब जहरीली हो गई थी। आरोपियों ने पैकेजिंग मशीन भी बुलाई गई थी, जिससे शराब की शीशियों को सील पैक किया जाता था, ताकि वह असली की तरह लगे।
कार्रवाई की भनक लगते ही चंदू राजपूत और उसके परिवार के सदस्यों ने अवैध शराब तथा शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को जलाकर नष्ट करने का प्रयास किया। फिर भी पुलिस को 147 लीटर शराब, सागर गोल्ड की 164 सीसियां, 27 हीटर, करीब 170 ढक्कन, 150 लेबल, शराब मापने का यंत्र, फेवीकोल, टेप, ब्लेड, शराब भरने की छोटी-बड़ी दो चुग्गियां और 11 कार्टून बरामद किया है।
अपने आदमियों के जरिये गांव गांव पहुंचाया
शिवान्जय, मनीष और चंदू ने अपने आदमियों के जरिए नौराज, गूगरा, पाटन, छापरी और आसपास के गांवों में यह शराब उपलब्ध कराया। इस नकली शराब को 50 रुपए में बेचा जा रहा था, ढ़ाबों के लिए यह शराब 30 रुपये में उपलब्ध थी। जबकि दुकान पर इसकी कीमत 70 रूपए तक है।
तीन प्रमुख आरोपी फरार, 20-20 हजार का इनाम
पुलिस के अनुसार आरोपी मनीष लोधी उर्फ यशवंत सिंह ठाकुर बिहार चला गया था। वहां से लौटते समय सतना में उसको मौतों की जानकारी हुई। वह वहीं से फरार हो गया। छतरपुर के महेवा निवासी रवि लखेरा और छापरी निवासी शिवान्जय राजपूत भी फरार बताया है।
मनीष लोधी और रवि लखेरा की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।
मुख्य आरोपियों पर पहले से भी अपराध के मामले
| क्रम | आरोपी का नाम | स्थिति | दर्ज कुल अपराध | मुख्य विवरण |
| 1 | रवि लखेरा | फरार | 25 | अंतरराज्यीय शराब तस्कर। वर्ष 2025 में बहेरिया थाना (सागर) में आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। इस साल ललितपुर में भी पकड़ा गया था। |
| 2 | चंदू राजपूत | गिरफ्तार | 5 | क्षेत्र का दबंग और छुटभैया बदमाश। मारपीट और धमकी देने जैसे मामले दर्ज हैं। |
| 3 | मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर | - | 11 (लगभग एक दर्जन) | इनमें से 6 मामले अकेले शराब तस्करी से जुड़े हुए हैं। |
