सागर में भीषण हादसा: चार्टर्ड बस की टक्कर से कार सवार 4 लोगों की मौत, एक घायल; कार के उड़े परखच्चे
सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर एक तेज रफ्तार चार्टर्ड बस और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और ...और पढ़ें

टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
HighLights
गढ़ाकोटा रोड पर चनाटोरिया के पास हुआ हादसा।
सीएनजी पंप से सड़क पर आ रही कार, तभी टक्कर।
तीन ने मौके पर तोड़ा, एक की अस्पताल में हुई मौत।
डिजिटल डेस्क, सागर। बहेरिया थाना क्षेत्र में सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर शनिवार सुबह करीब पौने 12 बजे तेज रफ्तार चार्टर्ड बस और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा चनाटोरिया स्थित सीएनजी पंप के पास हुआ। पंप से निकलकर मुख्य सड़क पर आ रही कार को जबलपुर की ओर से आ रही बस ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग फंसकर रह गए।
हादसे में ये हुए हताहत
हादसे में कार सवार विकास चौधरी (43) पिता जगदीश कुमार चौधरी निवासी हरियाणा, निर्मल कुमार जैन (65) पिता दीपचंद जैन, रामपुरा वार्ड-5 सागर और प्रशांत जैन (46) पिता रमेशचंद जैन निवासी रामपुरा की मौके पर ही मौत हो गई। हरिशंकर यादव (38), निवासी हरियाणा ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। वहीं शुभम असीजा (32) घायल हुआ है, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार में फंसकर रह गए सवार
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कार में फंसे लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कार में तीन लोग अंदर फंसे थे, जबकि दो घायल बाहर निकले थे। टक्कर के बाद बस भी सड़क से नीचे उतर गई। बस में सवार यात्रियों को चोट नहीं आई। यात्री बस से उतरकर मौके से चले गए, जबकि चालक और स्टाफ भी वहां से निकल गए।
यह भी पढ़ें- MP के पेट्रोल पंपों पर बदलेगा पेमेंट सिस्टम, 2 हजार से ज्यादा के बिल पर UPI भुगतान बंद; 16 अक्टूबर से सिर्फ कैश
कारोबार के सिलसिले में निकले थे
पुलिस के अनुसार कार क्रमांक एचआर 16 जेड 2408 हरियाणा की है। कार सवार लोग कारोबार के सिलसिले में निकले थे। विकास चौधरी खाद-बीज और कीटनाशक के कारोबार से जुड़े बताए गए हैं। निर्मल जैन कृषि उपकरण और यंत्र विक्रेता थे। प्रशांत जैन एसी का सामान बेचते थे और उनका लवधी रेफ्रिजरेशन नाम से कारोबार बताया गया है।
प्रशांत मूल रूप से बंडा के रहने वाले थे और सागर के रामपुरा वार्ड में परिवार के साथ रह रहे थे। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं, दोनों डॉक्टर बताए गए हैं। पुलिस ने चारों शवों का शनिवार शाम पोस्टमार्टम कराया। बहेरिया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
