मध्य प्रदेश में नदियां उफान पर
मध्य प्रदेश में बीती रात से बारिश हो रही है। नदियां उफान पर हैं। भारी बारिश के चलते सीएम शिवराज सिंह चौहान गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के शपथ ग्रहण समारोह में नहीं जा पाए।
भोपाल। मध्य प्रदेश में बीती रात से बारिश हो रही है। नदियां उफान पर हैं। रायसेन का विदिशा, सागर और बरेली से सड़क संपर्क टूट गया है।
विदिशा का हलाली डैम ओवरफ्लो हो गया। 30 साल में पहली बार ऐसा हुआ है कि अगस्त के पहले सप्ताह में यह ओवरफ्लो हुआ। बरगी, बरना और तवा डैम में भी पानी ज्यादा हो गया। इसके बाद बरगी के 21 में से 16 और बरना व तवा के सभी गेट खोल दिए गए।
बड़वानी में नर्मदा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। गुना में बारिश के बीच एक बच्चा डूब गया। वहीं रायसेन में गाय को बचाने में एक युवक नदी में बह गया।
भारी बारिश के चलते सीएम शिवराज सिंह चौहान गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के शपथ ग्रहण समारोह में नहीं जा पाए। उन्हें जबलपुर से गुजरात पहुंचना था।
भोपाल में महज चौबीस घंटे में 9.33 सेमी पानी बरसा। भारी बारिश की चेतावनी के बाद भोपाल कलेक्टर निशांत वरवड़े ने सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलाें में सोमवार को छुट्टी के आदेश दिए हैं।