राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए कांग्रेस का मेगा प्लान, 13 लाख पंजीयन का दावा; युवा सेंटरों के आसपास लगेंगे LED
कांग्रेस नेता राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसके लिए 13 लाख ...और पढ़ें

HighLights
राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में।
कार्यक्रम के लिए अब तक 13 लाख से अधिक युवाओं का पंजीकरण।
विधानसभा स्तर पर एलईडी स्क्रीन से होगा सीधा प्रसारण।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रदेश में इसके लिए अब तक 13 लाख से अधिक पंजीयन हो चुके हैं। अगले दो दिन में इसे 20 लाख करने का लक्ष्य है। उधर, कार्यक्रम का सीधा प्रसारण अब विधानसभा क्षेत्र स्तर पर किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस ने जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि एलईडी लगाने के लिए उन स्थानों का चयन किया जाए, जहां कम से कम एक हजार युवाओं की व्यवस्था हो सके।
25 लाख युवाओं के पंजीयन का लक्ष्य
प्रदेश कांग्रेस ने जिलों को 25 लाख युवाओं का पंजीयन छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए करने के निर्देश दिए थे। सोमवार शाम तक यह आंकड़ा 13 लाख तक पहुंचा। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री डॉ. संजय कामले का कहना है कि दो दिन में तेजी के साथ पंजीयन हुए हैं। गुरुवार शाम तक इसके 20 लाख से अधिक पहुंचाने की संभावना है।
भोपाल में छात्रों के पंजीयन के लिए पार्टी
उधर, भोपाल में पंजीयन कराने के लिए नरेला विधानसभा क्षेत्र से 2023 में प्रत्याशी रहे मनोज शुक्ला ने छोला-भटूरा एवं रसमलाई पार्टी का आयोजन किया। इसमें डेढ़ सौ विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) कराया। इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में प्रवेश क्यूआर कोड के माध्यम से ही देने की व्यवस्था रखी है।
एक हजार युवाओं की क्षमता वाले स्थान तलाशने के निर्देश
पार्टी ने पहले सभी 1,007 संगठनात्मक विकासखंडों पर यह कार्यक्रम करने के निर्देश दिए थे। अब प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला अध्यक्षों से कहा है कि वे विधानसभा स्तर पर ऐसे स्थानों का चयन करें जहां एक हजार से अधिक युवाओं के बैठने की व्यवस्था हो जाए।
यहां एलईडी स्क्रीन लगाकर छात्रों की गूंज कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन सहित अन्य बड़े केंद्रों पर एक से अधिक स्थान पर व्यवस्था की जाएगी। यह स्थल कॉलेज, विश्वविद्यालय या फिर कोचिंग सेंटर के आसपास हो सकते हैं, ताकि विद्यार्थी और युवा आसानी से पहुंच सकें।
यह भी पढ़ें- व्यापम से NEET पेपर लीक तक... 'छात्रों की गूंज' में राहुल गांधी प्रवेश और भर्ती परीक्षाओं के घोटालों को देंगे हवा
छात्रों-युवाओं की सरकार न सुनती, न बात करती है
मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर भाजपा द्वारा उठाए जा रहे सवाल पर कहा कि शिक्षकों की भारी कमी, निजी स्कूलों की महंगी फीस तथा शिक्षा के व्यवसायीकरण के कारण शिक्षा व्यवस्था चौपट हो गई है। छात्रों से सरकार न तो बात करती है और न ही उनकी सुनती है। ऐसे में राहुल गांधी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उनके मुद्दों को उठा रहा हैं।उनसे बात कर रहे हैं और उनकी समस्या उनसे ही पूछ रहे हैं। इस पहल का तो हर स्तर पर स्वागत होना चाहिए।
