'मुख्यमंत्री जी, दीये जलाने से फुर्सत मिल गई हो तो...', इंदौर आने से पूर्व राहुल गांधी का मोहन सरकार पर हमला; बोले- ये सबसे भ्रष्ट सरकार
इंदौर आने से पहले राहुल गांधी ने मोहन सरकार पर स्वास्थ्य, शिक्षा, कुपोषण और अवैध शराब जैसे मुद्दों पर हमला ...और पढ़ें

HighLights
राहुल गांधी ने मोहन सरकार को स्वास्थ्य, शिक्षा मुद्दों पर घेरा।
बालाघाट में 30 से अधिक आदिवासी बच्चों की मौत पर सवाल उठाए।
मध्य प्रदेश सरकार को सबसे भ्रष्ट और कुशासित करार दिया।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 19 सितंबर को 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए इंदौर आ रहे हैं। यहां आने से पहले उन्होंने गुरुवार को स्वास्थ्य, शिक्षा, अवैध शराब, कुपोषण जैसे मुद्दों को उठाते हुए प्रदेश की मोहन सरकार को जमकर घेरा।
'मौतें होती रहीं, सरकार सोती रही'
उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बालाघाट में 30 से अधिक आदिवासी बच्चों बीमारी, कुपोषण और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के बीच मौत हो गई और सरकार सोती रही। साथ ही कहा कि यहां छात्र, बच्चे, गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े व महिलाएं प्रताड़ित हैं। कोई भी खुश नहीं है।
‘जमीनी हालत देखिए’, CM मोहन यादव पर निशाना
राहुल गांधी ने बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत पर कहा कि सरकार की संवेदनहीनता का आलम यह है मासूमों की मौतें होती रहीं, लेकिन कार्रवाई सुस्त रही। मुख्यमंत्री जी, दीये जलाने और उत्सव मनाने से फुर्सत मिल गई हो तो जरा राज्य की जमीनी हालत भी देखिए। बीमारी, पोषण और साफ पानी की कमी और चरमराती स्वास्थ्य व्यवस्था नन्हें बच्चों की जान ले रही है। मिलावटी दवाइयां और जहरीली अवैध शराब सैकड़ों परिवारों को तबाह कर रही हैं।
यह भी पढ़ें- व्यापम से NEET पेपर लीक तक... 'छात्रों की गूंज' में राहुल गांधी प्रवेश और भर्ती परीक्षाओं के घोटालों को देंगे हवा
शिक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
राहुल ने आगे कहा कि मैं इंदौर आ रहा हूं और लगातार प्रदेश के छात्रों, युवाओं और आम लोगों से फीडबैक ले रहा हूं। सामने आ रही घटनाएं बता रही हैं कि मध्य प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था आज देशभर में सबसे बर्बाद है। छात्र, बच्चे, गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े हों या फिर महिलाएं, हर वर्ग प्रताड़ित है, कोई खुश नहीं। मध्य प्रदेश सरकार आज भारत की सबसे भ्रष्ट और सबसे कुशासित सरकार है। यही सच्चाई है।
