विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का पांच दिवसीय मध्य प्रदेश दौरा 18 जून से, ओंकारेश्वर दर्शन से कूनो सफारी तक व्यस्त रहेगा कार्यक्रम

Published: Wed, 17 Jun 2026 10:48 PM (IST)

पांच दिवसीय प्रवास के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु धार्मिक, सामाजिक, शैक्षणिक और पर्यावरणीय गतिविधियों में शामिल होंगी। इस दौरान वे इंदौर, बैतूल, खंडवा, जबलपुर, ग्वालियर और श्योपुर का दौरा करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (फाइल फोटो)

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (फाइल फोटो)

HighLights

  1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का पांच दिवसीय मध्य प्रदेश दौरा।

  2. बैतूल में आदिवासी सशक्तीकरण कार्यक्रम में होंगी शामिल।

  3. ओंकारेश्वर दर्शन, योग दिवस और कूनो पार्क भ्रमण का भी कार्यक्रम।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून से 22 जून तक मध्य प्रदेश के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान उनका कार्यक्रम धार्मिक, सामाजिक, शैक्षणिक और पर्यावरणीय गतिविधियों से जुड़ा रहेगा। राष्ट्रपति इंदौर, बैतूल, खंडवा, जबलपुर, ग्वालियर और श्योपुर का दौरा करेंगी तथा विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों में भाग लेंगी।

राष्ट्रपति के प्रवास को लेकर राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। उनके स्वागत और विदाई के लिए विभिन्न स्थानों पर मंत्रियों को ‘मिनिस्टर-इन-वेटिंग’ के रूप में नामित किया गया है।

बैतूल में आदिवासी सशक्तीकरण कार्यक्रम में होंगी शामिल

राष्ट्रपति 18 जून को इंदौर पहुंचेंगी। यहां से वे बैतूल जाएंगी, जहां ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आयोजित ‘एम्पावरमेंट ऑफ ट्राइबल सोसायटी बाय स्पिरिचुअल अवेकनिंग’ कार्यक्रम में सहभागिता करेंगी। यह आयोजन आदिवासी समाज के सामाजिक और आध्यात्मिक सशक्तिकरण पर केंद्रित रहेगा।

ओंकारेश्वर में करेंगी पूजा-अर्चना

बैतूल के कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति खंडवा जिले स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेंगी, जहां वे भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना और आरती में शामिल होंगी। 19 जून को अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी उनकी उपस्थिति रहेगी।

योग दिवस और दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

20 जून को राष्ट्रपति जबलपुर पहुंचेंगी। यहां 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में भाग लेने के साथ-साथ रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

कूनो नेशनल पार्क का भी करेंगी भ्रमण

अपने प्रवास के अंतिम दिन 22 जून को राष्ट्रपति कूनो नेशनल पार्क का दौरा करेंगी। इसके बाद वे ग्वालियर से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

यह भी पढ़ें- MP में जल्द लागू हो सकता है UCC, मानसून सत्र में आएगा अहम विधेयक, सरकार ने तेज की तैयारी

इन मंत्रियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत और विदाई की जिम्मेदारी राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों को दी गई है।

  • इंदौर में आगवानी के लिए जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट तथा विदाई के लिए नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय।
  • बैतूल में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल।
  • ओंकारेश्वर में संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी।
  • जबलपुर में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा।
  • श्योपुर में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला।
  • ग्वालियर में पुनः जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट राष्ट्रपति की अगवानी और विदाई में।