नंदकुमार चौहान आज संभालेंगे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पद
मप्र भाजपा अध्यक्ष के रूप नंदकुमार सिंह चौहान का निर्विरोध चयन लगभग तय हो गया है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता हितेष वाजपेयी के मुताबिक, चौहान मंगलवार 11 बजे पद संभालेंगे।
भोपाल। मप्र भाजपा अध्यक्ष के रूप नंदकुमार सिंह चौहान का निर्विरोध चयन लगभग तय हो गया है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता हितेष वाजपेयी के मुताबिक, चौहान मंगलवार 11 बजे पद संभालेंगे।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में सोमवार सुबह से ही काफी चहल-पहल रही। नंदकुमार सिंह ने दोपहर करीब 3.30 बजे नामांकन भरा। यानी प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए अब केवल औपचारिक घोषणा होनी है। इससे पहले सोमवार सुबह केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत भाजपा कार्यालय पहुंचे। इसके कुछ देर बाद आदिवासी नेता फग्गन सिंह कुलस्ते भी पहुंचे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कार्यालय पहुंचे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उनके नाम पर आम सहमति बन चुकी है। ऐसा इसलिए क्योंकि, चौहान के अलावा किसी ने भी अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश नहीं की है। ऐसी स्थिति में पर्यवेक्षक रामदास अग्रवाल को चुनाव कराने की नौबत नहीं आई। हालांकि इस मामले में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते से भी संगठन के नेताओं ने चर्चा की थी। गौरतलब है कि प्रदेश चुनाव अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने रविवार को मतदाता सूची जारी कर दी थी।
नंदकुमार सिंह चौहान की ताजपोशी मंगलवार को एक समारोह के तहत की जाएगी। पार्टी कार्यालय के सामने अध्यक्ष की ताजपोशी के उपलक्ष्य में जश्न मनाया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, थावरचंद गेहलोत, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा की भी भोपाल आने की संभावनाएं जताई जा रही है। वहीं, पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ विनय सहस्रबुद्धे मंगलवार सुबह भोपाल पहुंचेंगे।