भोपाल, आनलाइन डेस्क। MP Weather Update: मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में आज याबादल छाए हुए हैं। कई जगहों पर रुक-रुककर बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक भोपाल में 10.4, खजुराहो में 33, खंडवा में 8.1 और मलाजखंड में 16.4, मिली मीटर बारिश हुई। इसके अलावा, उज्जैन में 3.0, बैतूल में 6.8, गुना में 5.4, रतलाम में 5.0, मंडला में 5.2, सागर में 4.1, नर्मदापुरम में 1.6, रायसेन में 1.4, सिवनी में 1.4, इंदौर में 0.2 और दमोह में 1.0 मिलीमीटर वर्षा हुई।
दो दिन तक इसी तरह रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश हो रही है। विभाग की मानें तो दो दिनों तक मौसम इसी तरह रहने की संभावना है।
बारिश और ओलावृष्टि से किसान परेशान
बता दें, उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदल गया है। एक तरफ जहां बारिश और ओलावृष्टि ने बढ़ती गर्मी से राहत दी है तो दूसरी तरफ कई राज्यों में फसलों को नुकसान पहुंचा है। इससे किसान काफी परेशान हैं। बिहार में बारिश को देखते हुए आरेंज अलर्ट जारी है, जबकि मध्य प्रदेश में कटी रखी फसल के साथ चना, गेहूं, केला, मक्का सहित अन्य फसलों को भी नुकसान हुआ है।
किसानों की फसलों को पहुंचा नुकसान
मध्य प्रदेश में भी शुक्रवार रात और शनिवार को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। खेत में खड़ी फसलें बिछ गई हैं। खलिहान में रखी फसल को भी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि धान को छोड़कर अन्य फसलों के लिए यह बारिश नुकसानदायक है।