विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP बनेगा न्यूक्लियर पावर हब: चुटका के बाद अब शिवपुरी के भीमपुर में परमाणु संयंत्र होगा स्थापित, 2800 मेगावाट बिजली बनेगी

Published: Thu, 10 Sep 2026 07:50 PM (IST)

मध्य प्रदेश परमाणु ऊर्जा उत्पादन में बड़ी छलांग लगाने जा रहा है, जिसमें शिवपुरी के भीमपुर में 2800 मेगावाट का ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. शिवपुरी के भीमपुर में 2800 मेगावाट का विशाल परमाणु संयंत्र स्थापित होगा।

  2. मंडला के चुटका परमाणु ऊर्जा परियोजना पर भी काम तेजी से बढ़ेगा।

  3. मध्य प्रदेश को दोनों परियोजनाओं से कुल 4200 मेगावाट बिजली मिलेगी।

सौरभ सोनी, भोपाल। मध्य प्रदेश परमाणु ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। मंडला के चुटका के बाद अब शिवपुरी जिले के भीमपुर में 2800 मेगावाट की विशाल परमाणु ऊर्जा परियोजना स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा मंत्रालय ने पिछले वर्ष शिवपुरी जिले की नरवर तहसील के भीमपुर गांव में 700-700 मेगावाट क्षमता की चार परमाणु इकाइयां स्थापित करने को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।

परियोजना के लिए स्थल चयन की प्रक्रिया के बाद प्रभावित और विस्थापित परिवारों को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार विस्थापन और आगे की निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी।

आधी बिजली मध्य प्रदेश को मिलेगी

भीमपुर परमाणु ऊर्जा परियोजना से उत्पादित कुल बिजली का 50 प्रतिशत हिस्सा मध्य प्रदेश को मिलेगा। इससे प्रदेश की बिजली उपलब्धता बढ़ने के साथ भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

यह संयंत्र मडीखेड़ा डैम के पास भीमपुर क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा। परमाणु ऊर्जा संयंत्र के संचालन के लिए आवश्यक जल की आपूर्ति मडीखेड़ा डैम से की जाएगी।

परियोजना की जल आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए 120 एमसीएम वाटर बैराज और 40 एमसीएम बैलेंसिंग रिजर्व वेल की योजना भी तैयार की जा चुकी है। बड़े पैमाने पर बिजली उत्पादन के साथ संयंत्र के लिए सतत जल उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में यह व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

चुटका परियोजना पर भी आगे बढ़ेगा काम

इधर, मंडला जिले के चुटका में प्रस्तावित 1400 मेगावाट की परमाणु ऊर्जा परियोजना पर भी आगे की प्रक्रिया तेज करने की तैयारी है। यहां 700-700 मेगावाट क्षमता की दो इकाइयां स्थापित की जानी हैं।

बताया गया है कि वर्षा का दौर समाप्त होने के बाद परियोजना क्षेत्र के विस्थापितों के पुनर्वास की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इसके बाद जियो-टेक्निकल इन्वेस्टिगेशन कर परमाणु संयंत्र की स्थापना की दिशा में काम शुरू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- सीएम मोहन यादव को दुबई दौरे में मिले 53000 करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव, AIM अवॉर्ड से हुए सम्मानित

दोनों परियोजनाओं से 4200 मेगावाट बिजली

देश में वर्तमान में 19 परमाणु विद्युत परियोजनाएं हैं, जिनसे कुल 49,428 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता विकसित की जा रही है। न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के प्रवक्ता उमेश यादव के अनुसार मध्य प्रदेश की चुटका और भीमपुर, दोनों परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं से मिलाकर कुल 4200 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा।