मध्य प्रदेश की खाली राज्यसभा सीट पर उपचुनाव का एलान, 26 अक्टूबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया; 12 नवंबर को वोटिंग
केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा हो गई ...और पढ़ें

मध्य प्रदेश राज्यसभा सीट पर उपचुनाव का एलान

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट के लिए दस दिनों के भीतर ही उपचुनाव का एलान हो गया है। जिसके लिए 26 अक्टूबर से ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगा, जो दो नवंबर तक चलेगी।
नाम वापसी की अंतिम तारीख पांच नवंबर तक है। जरूरत पड़ी तो 12 नवंबर को चुनाव होंगे और उसी दिन नतीजे भी घोषित होंगे। मुरुगन ने 13 अक्टूबर को मंत्री पद के साथ ही राज्यसभा से भी इस्तीफा दे दिया था।
चुनाव आयोग ने गुरुवार को राज्यसभा सीट पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित करते हुए ये जानकारी दी है। इस सीट का कार्यकाल दो अप्रैल 2030 तक का है। इस सीट को मुरुगन के इस्तीफे के अगले दिन यानी 14 अक्टूबर 2026 को ही रिक्त घोषित कर दिया गया था।
ऐसे में देखा जाए तो खाली हुई राज्यसभा की यह सीट महीने भर के भीतर फिर से भर जाएगी।
वहीं मध्य प्रदेश विधानसभा के आंकड़ों का गणित देखें तो यह सीट फिर से भाजपा के खाते में आनी तय है। जिसे लेकर दावेदारों के नामों की चर्चा तेज हो गई है। देखना होगा कि खाली हुई इस सीट से मध्य प्रदेश से ही कोई चुनकर आता है या फिर पहले की तरह किसी बाहरी को मैदान में उतारा जाता है।
साथ ही जो आएगा क्या उसे भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश की राज्यसभा की इस सीट से इस्तीफा देने वाले एल मुरुगन मूल रूप से तमिलनाडु से है। इस्तीफे के बाद उन्होंने पार्टी संगठन की मजबूत करने को लेकर काम करने का ऐलान किया है। माना जा रहा है कि पार्टी जल्द ही उन्हें तमिलनाडु में संगठन को मजबूत करने की कोई जिम्मेदारी दे सकती है।
