मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ और अरविंदर सिंह लवली ने सोनिया गांधी से की मुलाकात
मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ और पार्टी नेता अरविंदर सिंह लवली ने शुक्रवार को 10 जनपथ में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। इस दौरान कई मामलों पर चर्चा हुई। कमलनाथ ने सोनिया को राज्य के मौजूदा सियासी हालातों से भी अवगत कराया।
नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ और पार्टी नेता अरविंदर सिंह लवली ने शुक्रवार को 10 जनपथ में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान कई मामलों पर चर्चा हुई। कमलनाथ ने सोनिया गांधी को राज्य के मौजूदा सियासी हालातों से भी अवगत कराया। राज्य में उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी की रणनीति की भी कमलनाथ ने सोनिया गांधी को जानकारी दी। प्रदेश में उपचुनाव को लेकर इन दिनों कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। दोनों की पार्टियां उपचुनाव में अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं। इधर, राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। इस दौरान नरोत्तम और सिंधिया के बीच राज्य के कई मसलों पर चर्चा हुई। इससे पहले वीरवार को मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इस दौरान शिवराज ने भी पीएम को राज्य के कई मुद्दों पर चर्चा की थी। पीएम मोदी ने शिवराज को मध्य प्रदेश में चंदन की खेती की सलाह दी थी।
कमलनाथ बोले, पेट्रो मूल्य वृद्धि पर चुप नहीं बैठेगी कांग्रेस
इधर, कमलनाथ ने पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि मध्य प्रदेश में पेट्रोल के बाद बाद अब डीजल भी शतक पार, वही रसोई गैस जल्द ही 1000 पर पहुंचने को बेताब। कमलनाथ के मुताबिक, डीजल, पेट्रोल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों व बढ़ती महंगाई ने जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। जो भाजपा नेता पेट्रोल व डीजल की जरा सी बढ़ती कीमतों पर विपक्ष में साइकिल पर आ जाते थे, आज वो महंगाई की बात करने पर जनता का मजाक उड़ाते है, अजीबोगरीब तर्क देने में लग जाते है। कांग्रेस इस मूल्यवृद्धि पर चुप नहीं बैठेगी। हम जनता के साथ मिलकर सड़कों पर इसका विरोध करेंगे।