Madhya Pradesh: जीतू पटवारी ने कांग्रेस के मीडिया विभाग प्रदेश अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा
Madhya Pradesh मप्र कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ और प्रदेश के प्रभारी महासचिव मुकुल वासनिक को भेजे त्यागपत्र में जीतू पटवारी ने कहा कि मैं अभी दो पद पर हूं इसलिए मीडिया विभाग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी किसी अन्य साथी को दी जाए।
भोपाल, जेएनएन। मध्य प्रदेश में पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी द्वारा तय किए गए एक व्यक्ति--एक पद के सिद्धांत का पालन करते हुए यह कदम उठाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ और प्रदेश के प्रभारी महासचिव मुकुल वासनिक को भेजे त्यागपत्र में जीतू पटवारी ने कहा कि मैं अभी दो पद पर हूं, इसलिए मीडिया विभाग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी किसी अन्य साथी को दी जाए। उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस में इन दिनों बदलाव का दौर चल रहा है। खंडवा और बुरहानपुर जिला इकाई में अध्यक्ष के रिक्त पदों पर नियुक्ति की गई। अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी और आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय शाह ने भी इस्तीफा दिया और दोनों स्थानों पर नई नियुक्तियां की गई। इसी तरह कई अन्य जिलों में भी अध्यक्ष बदले गए हैं। सूत्रों का कहना है कि पटवारी के इस्तीफा देने के बाद प्रदेश संगठन के ऐसे पदाधिकारी, जिनके पास एक से अधिक पद हैं, वे एक पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
गौरतलब है कि राजस्थान के उदयपुर में कांग्रेस के चिंतन शिविर के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस में परिवर्तन का सिलसिला लगातार जारी है। अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के बाद अब आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय शाह की जगह डिंडौरी से विधायक पूर्व मंत्री ओमकार सिंह मरकाम को अध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ तीन उपाध्यक्ष भी बनाए गए हैं। आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय शाह ने 15 मई को इस्तीफा दे दिया था। वे वर्ष 2015 से आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने शाह के स्थान पर ओमकार सिंह मरकाम को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव दिया था, जिसे पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने स्वीकार करते हुए नई नियुक्तियों की हरी झंडी दी। पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को इस आशय का आदेश जारी कर दिया। आदिवासी कांग्रेस में तीन उपाध्यक्ष भी बनाए गए हैं। इनमें धार के राधेश्याम मुवेल, ग्वालियर के भग्गू आदिवासी और प्रकाश सिंह ठाकुर शामिल हैं।