AC कोच में कॉकरोच की भरमार: यात्रियों ने चेन खींचकर रोकी सहरसा-अहमदाबाद एक्सप्रेस; इटारसी में आधा घंटे सफाई के बाद रवाना
इटारसी स्टेशन पर सहरसा-अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी कोच में कॉकरोच मिलने से नाराज यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक ...और पढ़ें

एसी बोगी में कॉकरोचों से परेशान यात्रियों ने किया हंगामा।
HighLights
बी-1 कोच में कॉकरोच मिलने पर यात्रियों ने की चेन पुलिंग।
सहरसा-अहमदाबाद एक्सप्रेस इटारसी स्टेशन पर रुकी रही।
रेलवे ने कोच की सफाई कर दवा का छिड़काव किया।
डिजिटल डेस्क, इटारसी। एसी कोच में आरामदायक सफर की उम्मीद लेकर यात्रा कर रहे यात्रियों को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा, जब कोच में बड़ी संख्या में कॉकरोच घूमते नजर आए। इससे गुस्साए यात्रियों ने चेन पुलिंग कर सहरसा-अहमदाबाद एक्सप्रेस को इटारसी स्टेशन पर ही रोक दिया। शिकायत के बाद रेलवे और आरपीएफ का अमला मौके पर पहुंचा और कोच में सफाई के साथ दवा का छिड़काव कराया गया।
मामला गुरुवार रात का है। 19484 सहरसा-अहमदाबाद एक्सप्रेस रात करीब 10 बजे इटारसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी। ट्रेन को आगे बढ़ने का सिग्नल मिला और जैसे ही वह रवाना होने लगी, बी-1 एसी कोच के यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन रोक दी।
अतिरिक्त किराया, फिर भी कॉकरोचों से जंग
बी-1 कोच के यात्रियों ने रेलवे की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना था कि एसी कोच में सफर के लिए अतिरिक्त किराया चुकाने के बावजूद कोच की यह स्थिति यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। यात्रियों के मुताबिक कोच में बड़ी संख्या में कॉकरोच घूम रहे थे, जिससे यात्रा करना मुश्किल हो गया।
हंगामे के बाद हरकत में आया रेलवे अमला
चेन पुलिंग और यात्रियों के हंगामे की सूचना मिलते ही रेलवे और आरपीएफ के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। शिकायत की जांच के बाद ड्यूटी पर मौजूद सफाई कर्मचारियों को बी-1 कोच में भेजा गया।
कर्मचारियों ने कोच की साफ-सफाई की और कॉकरोचों को नियंत्रित करने के लिए दवा का छिड़काव किया। इस दौरान ट्रेन प्लेटफार्म पर करीब आधे घंटे तक खड़ी रही।
यात्रियों के संतुष्ट होने के बाद रवाना हुई ट्रेन
सफाई और दवा छिड़काव के बाद यात्रियों को संतुष्ट किया गया, जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। यात्रियों ने रेलवे से एसी कोचों की नियमित और बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की।
उप स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि ट्रेन प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी। बी-1 कोच से कॉकरोच होने की शिकायत मिलने के बाद तत्काल सफाई कराई गई और दवा का छिड़काव किया गया। इसके बाद ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया।
