मध्य प्रदेश: अवैध संबंध के विरोध पर पति की हत्या, पत्नी-प्रेमी समेत 3 को उम्रकैद; कटा अंगूठा बना अहम सबूत
मध्य प्रदेश के शाजापुर में अवैध संबंध का विरोध करने पर पति की हत्या के मामले में पत्नी, उसके प्रेमी ...और पढ़ें
-1792860934804_m.webp)
पति की हत्या में पत्नी-प्रेमी समेत 3 को उम्रकैद।
HighLights
अवैध संबंध के विरोध पर पति की बेरहमी से हत्या।
पत्नी, प्रेमी और दोस्त को आजीवन कारावास की सजा।
कटा हुआ अंगूठा डीएनए जांच में बना अहम सबूत।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के शाजापुर में अवैध संबंध का विरोध करने पर पति की बेरहमी से हत्या करने की आरोपित महिला और उसके प्रेमी समेत तीन को अदालत ने दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
डेढ़ वर्ष पहले मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में हुई इस घटना में मृतक की सोते समय चाकू से गला काटकर हत्या की गई थी। हत्या के दौरान बीच-बचाव की कोशिश में महिला के प्रेमी की अंगुली कटकर घटनास्थल पर गिर गई थी। पुलिस ने उसकी डीएनए जांच कराई तो सच सामने आया। वारदात के दौरान आरोपित पत्नी पति के सीने पर बैठी थी।
पुलिस का आरोप था कि ममता मालवीय के राहुल मालवीय से संबंध थे। इसकी जानकारी उसके पति मुकेश को लगी तो उसने विरोध किया। समझाने पर मानने के बजाय ममता ने प्रेमी राहुल और उसके दोस्त सुनील के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। इसे 12 फरवरी 2025 की रात अंजाम दिया।
प्रेमी की साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट
मुकेश घर में सोया हुआ था तो रात्रि एक बजे ममता ने फोन कर राहुल और सुनील को बुला लिया। वह पति के सीने पर बैठ गई और सुनील ने मुंह दबा दिया ताकि वह चीख न पाए। राहुल ने चाकू से उसका गला काट दिया। इस दौरान मुकेश ने बीच-बचाव की कोशिश की, जिससे चाकू के वार के कारण राहुल का अंगूठा कटकर घटनास्थल पर गिर गया।
दोनों के जाने के बाद ममता ने ग्रामीणों को बताने के लिए कहानी गढ़ी कि पति को अज्ञात लोगों ने मार डाला, लेकिन ममता की कॉल डिटेल के आधार पर राहुल को पकड़ा गया। उसका अंगूठा कटा मिला। घटनास्थल पर बरामद अंगूठे से उसका डीएनए मिलान भी हुआ। शाजापुर के प्रधान सत्र न्यायाधीश ने तीनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
