गुना में गाय को लात मारने पर मचा हंगामा, गोवंश के आगे नाक रगड़कर माफी मांगने पर शांत हुआ विवाद
गुना जिले के जामनेर कस्बे में एक व्यक्ति द्वारा गाय को लात मारने पर जमकर हंगामा हुआ। विवाद बढ़ने पर ...और पढ़ें
HighLights
जामनेर में व्यक्ति ने गाय को लात मारी, जिससे हंगामा हुआ।
विवाद बढ़ने पर हिंदूवादी संगठन मौके पर पहुंचे, प्रदर्शन किया।
आरोपित ने गोवंश के आगे नाक रगड़कर माफी मांगी।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। गुना जिले के जामनेर कस्बे में गोवंश के साथ दुर्व्यवहार को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा हो गया। दरअसल एक व्यक्ति ने रास्ते में बैठी बेसहारा गाय को उठाने के लिए उसे लात मार दी। इस पर विवाद हो गया और आसपास के लोगों ने भी शख्स के इस कृत्य पर आपत्ति जताई। विवाद बढ़ा तो हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। बाद में संबंधित व्यक्ति द्वारा गोवंश के आगे नाक रगड़कर माफी मांगने के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार कस्बे के मुख्य मार्ग पर रहने वाले दीपेंद्र सोनी ने अपने मकान में चल रहे निर्माण कार्य के लिए गुना से स्टील रैलिंग, जाली और फाटक सहित अन्य सामान मंगवाया था। बताया गया कि सामान लेकर दुकानदार जमालुद्दीन उनके घर पहुंचा था। इसी दौरान रास्ते में एक बेसहारा गाय बैठी हुई थी।
आरोप है कि गाय को रास्ते से हटाने के दौरान जमालुद्दीन ने उसे लात मार दी। वहां मौजूद कुछ लोगों ने यह घटना देख ली, जबकि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। इसके बाद मौके पर विवाद शुरू हो गया और लोग हंगामा करने लगे। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। विवाद बढ़ने लगा और नारेबाजी भी हुई। आखिरकार संबंधित व्यक्ति से गोवंश के आगे नाक रगड़कर माफी मंगवाई गई, तब जाकर विवाद शांत हुआ।
दीपेंद्र सोनी का कहना है कि घटना के बाद उनके घर के बाहर नारेबाजी की गई। उनका आरोप है कि हंगामा कर रही भीड़ ने उनके साथ भी अभद्रता की और उन्हें धमकी दी, जबकि वे स्वयं भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष हैं। उनका कहना है कि मौके पर थाना प्रभारी भी मौजूद थे। दीपेंद्र ने इस संबंध में कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में आवेदन भी दिया है।
पूरे घटनाक्रम के अलग-अलग वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। हालांकि मामले को लेकर पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
