Madhya Pradesh: कमल नाथ का दावा, कांग्रेस में अब कोई असंतुष्ट नहीं; जी-23 की सभी मांगें मानी
Madhya Pradesh मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने गुरुवार को दावा किया कि कांग्रेस में अब कोई भी असंतुष्ट नहीं है। सभी नेता मेरे संपर्क हैं और संगठन चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही सारे चीजें सामने आ जाएंगी।
भोपाल, जेएनएन। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर व पंजाब के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी के जी- 23 नेताओं (अलबत्त्ता, शुरुआत में इस समूह में कांग्रेस के 23 बागी नेता थे। इससे कई बाहर हो गए तो कई नए जुड़ गए) द्वारा लगातार नेतृत्व पर सवाल उठाए जाने के बीच पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने गुरुवार को दावा किया कि पार्टी में अब कोई भी असंतुष्ट नहीं है। सभी नेता मेरे संपर्क हैं और संगठन चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही सारे चीजें सामने आ जाएंगी। यह दावा उन्होंने 'महंगाई मुक्त भारत' अभियान की भोपाल से शुरुआत करने के दौरान मीडिया से चर्चा में किया। उन्होंने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार को महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराया।
मुझे किसी पद या कुर्सी का मोह नहीं
एक सवाल के जवाब में कमल नाथ ने कहा कि मुझे किसी पद या कुर्सी का मोह नहीं है। जब भी पद छोड़ने के लिए कहा जाएगा, मैं तत्काल छोड़ दूंगा। उल्लेखनीय है कि वह मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष दोनों पदों पर हैं। जी-23 के नेताओं की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि हमने वर्षों साथ काम किया है। सभी से मेरे संबंध हैं और मैं सबके साथ व्यक्तिगत संपर्क में हूं। महंगाई को लेकर उन्होंने कहा कि आज इससे सभी वर्ग परेशान हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों से सिर्फ वाहन ही नहीं बल्कि खाद्य पदार्थ, दूध, सब्जी, दवाई और रोजमर्रा के उपयोग की चीजें प्रभावित होती हैं। पहले जब महंगाई बढ़ती थी तो भाजपा नेता बड़ी-बड़ी बातें करते थे। शिवराज सिंह चौहान साइकिल चलाते थे, लेकिन आज क्या हाल है।
चुनाव मोड में भाजपा जाती है, हम नहीं
कांग्रेस के चुनाव मोड में आने संबंधी प्रश्न पर कमल नाथ ने कहा कि यह तो भाजपा का स्टाइल है। हमारी तैयारी चल रही है। चार अप्रैल को सभी पदाधिकारियों के साथ संगठन की गतिविधियों को लेकर बैठक भी कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की चुनौती को लेकर उन्होंने कहा कि यह जनता तय करती है। वैसे यह गुना संसदीय क्षेत्र के चुनाव में जनता ने दिखा दिया है।
हर चीज में हो रहा है भ्रष्टाचार
कमल नाथ ने कहा कि प्रदेश में हर चीज में भ्रष्टाचार हो रहा है। इसकी एक व्यवस्था बना दी गई है। पीईबी के मामले में अब लीपापोती के प्रयास होंगे। प्रदेश में एक भी ठेका हमारे नौजवान को नहीं मिलता है। जबकि, इसके लिए तो प्रविधान कर देना चाहिए कि स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देंगे।