पूरी फैमिली के साथ पहली बार दिखे दलेर मेंहदी
पॉप और सूफी गायक दलेर मेहंदी दशहरा उत्सव में परफॉर्म करने अपनी फैमिली के साथ बुधनी (सीहोर) आए। यह पहला मौका है जब वे मध्य प्रदेश में अपनी फैमिली के साथ सार्वजनिक रूप से नजर आए हैं।
भोपाल।.पॉप और सूफी गायक दलेर मेहंदी दशहरा उत्सव में परफॉर्म करने अपनी फैमिली के साथ बुधनी (सीहोर) आए। यह पहला मौका है जब वे मध्य प्रदेश में अपनी फैमिली के साथ सार्वजनिक रूप से नजर आए हैं। दलेर ने बताया कि वे खुद की फिटनेस पर खासा ध्यान देते हैं। उन्होंने घर में 70 गायें पाल रखी हैं। उन्होंने बताया कि वे सिर्फ उसी का दूध, घी, मक्खन खाते हैं।
दलेर मेहंदी ने कहा कि गुलजार साहब की कलम से निकले शब्द सीधे रूह को छू जाते हैं। उनकी कविता या कलाम को गाते हुए ऐसा लगता है जैसे मैं इबादत कर रहा हूं। मुझे उनके लिखे कलाम को फिल्म में गाने का मौका मिला। अब हम जल्द ही शायरी और सुर के रिश्ते को नया रंग देने जा रहे हैं। मैंने फिल्म मिर्जियां के गाने की एक लाइन गाई थी। वह लाइन गुलजार और राकेश ओमप्रकाश मेहरा को इतनी पसंद आई कि उन्होंने उस गीत को मेरी आवाज में रिकॉर्ड करवाया। बुधनी में दशहरा उत्सव के लिए आए दलेर ने मंगलवार को कुछ देर भोपाल में भी गुजारा। इस वक्त उनके साथ पत्नी और बेटी रबाब भी थीं।
गुलजार की कविताओं को रिलीज करेंगे
दलेर ने कहा कि गुलजार साहब ने बहुत ही सुंदर शेर उर्दू और हिंदी में लिखे हैं। उन्हें मैंने डब किया है, वो कलाम ऐसे हैं मानो वाहेगुरु या खुदा के दरबार में हाजिरी लगा रहे हो। सूफियाना मौसिकी के रंग में घुले वो कलाम यंग जेनरेशन के लिए खासतौर पर तैयार किए हैं।
हमारे पास हैं 70 गायें
दलेर ने बताया कि मैं हमेशा से ही एक्सरसाइज करता हूं। लेकिन टूर शोज के चलते मेरा वेट 92 किलो हो गया था, जो 8-9 साल वैसा ही रहा। मैंने डाइट पर कंट्रोल किया, लेकिन कुछ नहीं हुआ। फिर मैंने कोल्डड्रिंक्र बाहर का खाना कम कर दिया।दिल्ली के नजदीक मेरे घर में करीब 70 गाय हैं। हम उसी का दूध, घी, मक्खन खाते हैं। अब मेरा वेट 72 हो गया है। मुझे लगता है कि खुश रहना सारे तनाव और बीमारियों को दूर कर देता है। फैमिली के साथ टाइम बिताना मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी दौलत है।
मीका के साथ एक गाना
दलेर ने बताया कि वे मीका के साथ जल्द एक पॉप सॉन्ग लेकर आने वाले हैं। उन्होंने बताया, हमारे गाने में पॉप और सूफी दोनों के रंग दिखाई देंगे। मैं बेकार गानों को अपनी आवाज देने में विश्वास नहीं रखता। इस कारण बॉलीवुड में सिलेक्टेड गाने गा रहा हूं।