Jal Satyagraha In MP: कांग्रेस नेत्री नूरी खान ने शिप्रा में किया जल सत्याग्रह, तबीयत बिगड़ी तो अस्पताल पहुंचाया
Jal Satyagraha In MP शिप्रा शुद्धीकरण की मांग के साथ प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष नूरी खान का जल सत्याग्रह आंदोलन शुरू हुआ। नूरी खान चार फीट गहरे पानी में जाकर खड़ी हो गईं। करीब दो घंटे तक खड़ रहने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी।
उज्जैन, जेएनएन। मध्य प्रदेश में शिप्रा शुद्धीकरण की मांग के साथ प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष नूरी खान का जल सत्याग्रह आंदोलन गुरुवार को शुरू हुआ। नूरी खान चार फीट गहरे पानी में जाकर खड़ी हो गईं। करीब दो घंटे तक खड़ रहने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी और वे फिसलकर पानी में गिर गईं। समर्थकों ने उन्हें बेहोशी की हालत में बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों के अनुसार, उनकी तबीयत अब ठीक है। नूरी खान गुरुवार सुबह 10 बजे दत्त अखाड़ा घाट पहुंची थीं। उनके साथ 10-12 समर्थक भी थे। नूरी खान ने राज्य की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि शिप्रा शुद्धीकरण के नाम पर करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है। 20 वर्षों में शिप्रा शुद्धीकरण के नाम पर 650 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, फिर भी हालात जस के तस हैं। वहीं, इस मामले में भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। इस मसले पर अब प्रदेश की राजनीति गरमाने की संभावना है।
मेरी मौत हुई तो शासन-प्रशासन होंगे जिम्मेदार
घाट पहुंचने के कुछ देर बाद ही नूरी खान गहरे पानी में जाकर खड़ी हो गईं। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान यदि मेरी मृत्यु हुई तो जवाबदारी उज्जैन प्रशासन और मध्य प्रदेश सरकार की होगी। पुलिसकर्मी उन्हें बाहर निकालने पहुंचे, मगर नूरी नहीं मानीं। दोपहर 12 बजे उनकी तबीयत बिगड़ी और वे नदी में गिर गईं।
घाट पर कोई बड़ा नेता नहीं पहुंचा
घाट पर जल सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस का कोई बड़ा नेता नूरी खान के साथ नहीं था। हालांकि अस्पताल में उनसे मिलने कांग्रेस के शहर अध्यक्ष महेश सोनी और कई नेता पहुंचे।
भाजपा ने कहा, नौटंकी कर रहे
इधर, भाजपा ने इस पूरे मामले को नौटंकी करार दिया है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसौदिया ने कहा कि शिप्रा नदी को लेकर कुछ कांग्रेस नेता नौटंकी कर रहे हैं। नदी के लिए प्रदेश सरकार ने कई कार्य किए हैं।