मध्य प्रदेश में सर्द हवाओं ने बढ़ायी सिहरन, दो दिन में 5 डिग्री तक लुढ़क सकता है पारा
Madhya Pradesh Weather News Update मध्य प्रदेश में अगले दो दिन में तापमान 5 डिग्री तक गिर सकता है। हवा का रुख भी उत्तरी उत्तर-पूर्वी है इसकी वजह से तापमान में गिरावट होने लगी है। मंगलवार को तापमान 30.8 डिग्रीसे. दर्ज हुआ था जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था।
भोपाल, जेएनएन। उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के कारण हवा का रुख उत्तरी हो गया है, जिसकी वजह से सर्द हवाओं की वजह से रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। वातावरण में नमी है और बादल भी छंटने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में किसी भी पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत की ओर पहुंचने के आसार नहीं है। अगले दो दिन में मध्य प्रदेश में रात का तापमान गिरकर 5 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मौसम विज्ञानी पीके साहा के अनुसार भोपाल में मंगलवार को तापमान 30.8 डिग्रीसे. दर्ज हुआ था जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान (30.3 डिग्रीसे.) की तुलना में 0.5 डिग्रीसे. अधिक था। हालांकि बुधवार को भोपाल में अधिकतम तापमान में कुछ कमी आने के आसार हैं। साहा ने कहा बादल छंटने की वजह से आसमान पूरी तरह से साफ है और हवाओं का रुख भी उत्तरी, उत्तर-पूर्वी हो गया है। हवा 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा बनी हुई है। सिहरन बढ़ने लगी है और न्यूनतम तापमान भी गिरता चला जा रहा है।
तापमान में जारी रहेगी गिरावट
पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला का कहना है कि अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र समाप्त हो चुका है। इस समय कोई भी पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत या उसके आसपास सक्रिय नहीं है। हवा का रुख भी उत्तरी, उत्तर-पूर्वी है इसकी वजह से तापमान में गिरावट होने लगी है। अगले चार से पांच दिनों में न्यूनतम के गिरने का सिलसिला जारी रहने की पूरा संभावना है।