ग्वालियर हादसे पर CM मोहन का सख्त एक्शन: CSP को हटाया; 3 TI समेत 8 पुलिसकर्मी निलंबित
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए सड़क हादसे पर सख्त कार्रवाई की है। लापरवाही ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव। (फाइल फोटो)
HighLights
ग्वालियर हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव का सख्त एक्शन।
सीएसपी रवि भदौरिया हटाए, 8 पुलिसकर्मी निलंबित।
मृतकों के परिजन व घायलों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास श्रद्धालुओं के साथ हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। हादसे के मामले में लापरवाही सामने आने पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया व पवन सेंगर को निलंबित किया गया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा में चूक पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर में हुई दुर्घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ड्यूटी में लापरवाही किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि घटना के लिए जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मृतकों के परिजनों को 4 लाख, घायलों को भी आर्थिक मदद
हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल सभी लोगों का नि:शुल्क उपचार कराया जाए, ताकि उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। दुर्घटना से प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के बताए गए हैं।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास ट्रक ने श्रद्धालुओं को रौंदा; 18 की मौत; 30 से ज्यादा घायल
मंत्रियों को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश दिए। दोनों मंत्री प्रभावित परिवारों और घायलों की स्थिति का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा को शांति देने, शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
