मध्य प्रदेश: जेल से रिहा होने के दो दिन बाद पति ने सरेराह रेता पत्नी का गला, संपत्ति विवाद में ली जान
छतरपुर में जेल से छूटे पति ने संपत्ति विवाद में सरेराह अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर ...और पढ़ें

पति ने जेल से छूटते ही संपत्ति विवाद में पत्नी का गला रेता

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। दो दिन पहले जेल से रिहा हुए पति ने सरेराह पत्नी को जमीन पर गिरा दिया और उसके ऊपर बैठकर चाकू से गले पर कई वार किए, फिर गला रेत दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने आरोपित व उसके साथी को उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, महाराजपुर निवासी 28 वर्षीय ज्योति चौरसिया अपने चार और छह वर्ष के बच्चों के साथ पिछले कुछ दिनों से सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक मकान में किराये पर रह रही थी।
ज्योति पास के एक होटल में वेटर का काम करती थी। शुक्रवार की सुबह वह चाय की पत्ती लेने के लिए घर से निकली थी, तभी मोहल्ले की मुख्य सड़क पर उसका पति लखन जोशी अपने एक साथी के साथ वहां आया। उसने ज्योति को सड़क पर पटक दिया और उसके ऊपर बैठकर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगा।
ज्योति ने दस साल पहले लखन से प्रेम विवाह किया था। वह पिछले कुछ दिनों से ज्योति के पिता की जमीन अपने नाम कराने के लिए मारपीट करता था। उसने ज्योति के माता-पिता को भी पीटा था, जिस मामले में पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। दो दिन पहले रिहा होने के बाद उसने ज्योति की हत्या कर दी।
