शादी से इन्कार पर खूनी वारदात! भोपाल में महिला RTO इंस्पेक्टर की हत्या, दोस्त ने पेड़ से फंदा लगाकर दी जान; मौके पर मिला खून से सना हथौड़ा
भोपाल की लेकपर्ल कॉलोनी में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दतिया में पदस्थ आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले का ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
भोपाल में महिला आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की हत्या।
दोस्त पवन द्विवेदी ने हत्या के बाद पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या की।
शादी से इंकार को लेकर विवाद हुआ, खून से सना हथौड़ा मिला।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र की लेकपर्ल कॉलोनी में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। दतिया में पदस्थ 45 वर्षीय आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले का शव उनके दोस्त पवन द्विवेदी के मकान में मिला। उनके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे और शव के पास ही खून से सना हथौड़ा पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है।
घटना के बाद पवन द्विवेदी का शव भी मकान से करीब 20 मीटर दूर एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था, लेकिन मीनाक्षी इसके लिए तैयार नहीं थीं। आशंका है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच रविवार देर रात विवाद हुआ और इसी दौरान पवन ने मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया।
शव के पास मिला खून से सना हथौड़ा
सूचना मिलने पर खजूरी सड़क थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मीनाक्षी का शव मकान के अंदर मिला। उनके सिर पर चोट के निशान थे। शव के पास ही खून से सना हथौड़ा मिलने से पुलिस को आशंका है कि इसी से हमला किया गया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पेड़ पर फंदे से लटका मिला दोस्त
पुलिस के अनुसार, मीनाक्षी पर हमला करने के बाद पवन ने घर से कुछ दूरी पर पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक बैंक पासबुक भी मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी और विवाद किस बात को लेकर बढ़ा।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 'पति, पत्नी और वो': पत्नी को दूसरे युवक के साथ देख भड़का पति; मारपीट के बाद स्कूटी तोड़ी
पुलिस जांच में जुटी
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संजीव पाठक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शादी को लेकर दोनों के बीच मतभेद की बात सामने आई है। हालांकि, वारदात की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, दोनों के संबंधों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है।
