भोपाल में दर्दनाक हादसा: स्ट्रीट लाइट के पोल में दौड़ रहा था करंट, छूते ही BJP के युवा नेता की मौत; पत्नी के सामने तोड़ा दम
भोपाल के एमपी नगर में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी ...और पढ़ें

दिव्यऋषि तिवारी का जीवित अवस्था का फोटो।
HighLights
एमपी नगर में डीबी सिटी के नजदीक हुआ दर्दनाक हादसा।
भारतीय जनता युवा मोर्चा महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मृत्यु।
पत्नी के साथ सड़क पार करते वक्त पोल को छुआ, लगा करंट।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के एमपी नगर इलाके में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। डीबी सिटी के सामने स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट आने से भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी (29) की मौत हो गई। वह अपनी पत्नी के साथ सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान डिवाइडर के पास उन्होंने स्ट्रीट लाइट के पोल को छू लिया। पोल में दौड़ रहे करंट की चपेट में आते ही उन्हें जोरदार झटका लगा और वह तड़पते हुए वहीं गिर पड़े।
हादसे के बाद वहां मौजूद ट्रैफिक हेड कांस्टेबल जगदीश दांगी ने तत्काल दिव्यऋषि को सीपीआर दिया और उन्हें बचाने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। घटना के बाद एमपी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
कार पार्क कर पत्नी के साथ पैदल जा रहे थे
पुलिस के अनुसार पत्रकार कॉलोनी, टीटी नगर निवासी दिव्यऋषि तिवारी जिला न्यायालय में वकालत करते थे। उनके पिता आनंद तिवारी वरिष्ठ अधिवक्ता हैं, जबकि बड़े भाई दिव्यअंकुर तिवारी प्रोफेसर हैं।
रविवार रात करीब 8 बजे दिव्यऋषि अपनी पत्नी के साथ डीबी सिटी जा रहे थे। उन्होंने मेट्रो स्टेशन के पास सड़क की दूसरी तरफ कार पार्क की थी। इसके बाद दोनों पैदल डिवाइडर पार कर रहे थे।
मोबाइल पर बात करते हुए पोल को लगाया हाथ
बताया जा रहा है कि सड़क पार करने के दौरान दिव्यऋषि मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने डिवाइडर के पास लगे स्ट्रीट लाइट के पोल को हाथ लगा दिया। पोल में करंट होने के कारण उन्हें तेज बिजली का झटका लगा और वह तड़पते हुए सड़क पर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने तत्काल मदद की और सीपीआर देने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
पोल में करंट कैसे आया, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट किन परिस्थितियों में आया और विद्युत व्यवस्था में कहां गड़बड़ी हुई। हादसे के लिए जिम्मेदारी तय करने के लिए संबंधित विद्युत और नगर निकाय व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।
