भोपाल में बंद घर में मिले बुजुर्ग दंपती के शव, किराया देने पहुंचा किरायेदार, तब हुआ खुलासा
भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र में एक बंद मकान से बुजुर्ग पति-पत्नी हेमंत और शकुंतला बारीक के शव मिले हैं। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
भोपाल के ऐशबाग में बुजुर्ग दंपती के शव मिले।
अनहोनी की आशंका पर किरायेदार ने बुलाई पुलिस।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे, जांच जारी।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। शहर के ऐशबाग थाना के सुदामा नगर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मकान से बुजुर्ग पति-पत्नी के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान 60 वर्षीय हेमंत बारीक और उनकी पत्नी शकुंतला बारीक के रूप में हुई है। दोनों इस मकान में अकेले रहते थे, जबकि मकान की ऊपरी मंजिल पर किराएदार रहता है। घटना का खुलासा तब हुआ, जब किराएदार नीचे किराया देने के लिए पहुंचा था। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुर्गंध आने पर किरायेदार ने बुलाई पुलिस
ऐशबाग थाना पुलिस के मुताबिक हेमंत बारीक और उनकी पत्नी शकुंतला पिछले कुछ दिनों से मोहल्ले में किसी को नजर नहीं आए थे। घर का दरवाजा भी अंदर से बंद था। बीते दिन जब ऊपरी मंजिल पर रहने वाला किराएदार मासिक किराया देने के लिए नीचे उतरा, तो उसे घर से अजीब दुर्गंध आई। अनहोनी की आशंका होने पर किराएदार ने तुरंत इसकी सूचना ऐशबाग पुलिस को दी।
पति पलंग, पत्नी सोफे पर मिली मृत
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा खौफनाक था। हेमंत बारीक का शव पलंग पर और उनकी पत्नी शकुंतला का शव सोफे पर पड़ा हुआ था। शवों की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत एक दिन पहले हुई है।
पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है और सभी संभावित तकनीकी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- बहू ने समय पर नहीं पिलाई चाय, गुस्से में बुजुर्ग सास ने खा लिया जहर; अस्पताल में मौत
दोनों शवों को हमीदिया अस्पताल भेज दिया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा उनका परीक्षण किया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
