विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 45 मिनट लेट, शिवराज की बोर्डिंग के बाद हुई रवाना; यात्रियों में नाराजगी

Published: Mon, 12 Oct 2026 02:25 PM (IST)

भोपाल से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान AI 1886 में 45 मिनट की देरी हुई, जिससे यात्रियों को ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. भोपाल से दिल्ली की एयर इंडिया फ्लाइट 45 मिनट लेट हुई।

  2. यात्रियों ने शिवराज चौहान की बोर्डिंग को देरी का कारण बताया।

  3. एयरपोर्ट निदेशक ने देरी का कारण ऑपरेशनल बताया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश की राजधानी भोपाल के राजा भोज विमानतल पर सोमवार सुबह दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान में देरी को लेकर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उड़ान संख्या AI 1886 में निर्धारित समय पर बोर्डिंग पूरी होने के बावजूद विमान ने समय पर उड़ान नहीं भरी। करीब 45 मिनट तक इंतजार के बाद सुबह 9:10 बजे विमान ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी, जबकि इसका निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 8:25 बजे था।

बोर्डिंग के बाद भी विमान में बैठे रहे यात्री

यात्रियों के मुताबिक, बोर्डिंग पूरी होने के बाद भी विमान काफी देर तक रनवे के किनारे खड़ा रहा। इस दौरान यात्रियों को देरी की स्पष्ट वजह नहीं बताई गई। लंबे इंतजार के कारण विमान में सवार लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी। यात्री यह जानना चाहते थे कि आखिर उड़ान को रवाना करने में देरी क्यों हो रही है।

शिवराज सिंह चौहान की बोर्डिंग सबसे आखिर में

उड़ान में देरी के बीच केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की बोर्डिंग सबसे आखिर में होने की जानकारी सामने आई। इस दौरान उनके काफिले के लालघाटी से वापस बंगले की ओर लौटने की बात भी सामने आई। बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री के इंतजार के चलते विमान की रवानगी प्रभावित हुई। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

ओएसडी बोले- समय पर एयरपोर्ट पहुंच गए थे शिवराज

वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के ओएसडी ने विमान में देरी के लिए किसी अन्य कारण को जिम्मेदार बताया। उनका कहना है कि शिवराज सिंह चौहान समय पर एयरपोर्ट पहुंच गए थे। ओएसडी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री के विमान में सवार होने के करीब 20 मिनट बाद फ्लाइट ने भोपाल से उड़ान भरी।

यह भी पढ़ें- भोपाल के श्रमोदय स्कूल में खाना खाने के बाद 13 बच्चे बीमार, 11 अस्पताल में भर्ती; खाने में छिपकली मिलने का दावा

निर्धारित समय पर बोर्डिंग पूरी होने के बावजूद उड़ान में हुई देरी और यात्रियों को स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से एयर इंडिया की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे। हालांकि, विमान के देर से रवाना होने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।

हमारी एयर इंडिया के अधिकारियों से चर्चा हुई है। फ्लाइट ऑपरेशनल रीजन से लेट हुई है। -आलोक त्रिपाठी, डायरेक्टर, राजा भोज एयरपोर्ट