विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्य प्रदेश: जिंदा ग्राहकों को कागजों में मृत दिखाकर तोड़ी 1.14 करोड़ की FD, बैतूल के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में बड़ा फर्जीवाड़ा

Published: Sat, 24 Oct 2026 11:43 PM (GMT+05:30)

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की मोरखा शाखा में 1.14 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले ...और पढ़ें

बैतूल के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में बड़ा फर्जीवाड़ा (सांकेतिक तस्वीर)

बैतूल के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में बड़ा फर्जीवाड़ा (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. 1.14 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में सहायक प्रबंधक गिरफ्तार।

  2. जीवित ग्राहकों को मृत दिखाकर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए।

  3. फर्जीवाड़े में टैक्सी चालक और कियोस्क संचालक भी शामिल।

डिजिटल डेस्क, बैतूल । मध्य प्रदेश में बैतूल जिले के मोरखा स्थित बैंक आफ महाराष्ट्र की शाखा में ग्राहकों के खातों से 1.14 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने सहायक प्रबंधक समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक टैक्सी चालक गौरव सूर्यवंशी और कियोस्क सेंटर संचालित करने वाला एक किशोर शामिल है।

पुलिस के अनुसार, खाताधारकों को दस्तावेज में मृत दर्शाकर उनके फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किए गए और उनकी फिक्स्ड डिपाजिट (एफडी) तुड़वाकर रकम निकाल ली गई। यह फर्जीवाड़ा जनवरी 2026 से किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि छह ग्राहकों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। गिरफ्तार आरोपितों में बैंक का सहायक प्रबंधक लुकेश गोखे निवासी मोवाड, जिला नागपुर शामिल है।

उसने अपनी आइडी का इस्तेमाल कर खाताधारकों के नेट बैंकिंग में पंजीकृत मोबाइल नंबर बदले और रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर की। इसमें टैक्सी चालक और कियोस्क संचालक किशोर भी शामिल था।

जांच में सामने आया कि आरोपितों ने धोखाधड़ी की रकम रिश्तेदारों और अन्य बैंक खातों में भेजी। पुलिस के अनुसार, राशि से कार सहित अन्य संपत्ति खरीदी गई। आरोपितों से छह मोबाइल फोन, 8.28 लाख रुपये का सोना, 1.40 लाख रुपये की चांदी और करीब 12 लाख रुपये कीमत की कार जब्त की गई है।

संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराया गया है। पुलिस के अनुसार, खातों से रकम निकलने की शिकायत होने पर कुछ मामलों में राशि वापस जमा करके संदेह दूर करने की कोशिश की जाती थी। इससे शिकायत को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया गया।