कांग्रेस जितनी जल्दी खत्म हो लोकतंत्र के लिए उतना अच्छा: असदुद्दीन ओवैसी
जबलपुर के सुब्बा शाह मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए एआइएमआइएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हैदराबाद लोकसभा सीट से सांसद असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने कहा कि कांग्रेस (Congress) का अंत जितनी जल्द हो उतना अच्छा है।
जबलपुर, जेएनएन। आल इंडिया मजलिस इत्तेहाद उल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हैदराबाद लोकसभा सीट से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि कांग्रेस अपनी ताकत खो चुकी है, अब वह कभी सत्ता में नहीं आ सकती। कांग्रेस का खात्मा जितनी जल्दी होगा, भारत के लोकतंत्र के लिए उतना ही अच्छा रहेगा।
वह जबलपुर के रवींद्रनाथ टैगोर वार्ड अंतर्गत सुब्बा शाह मैदान में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उनकी पार्टी ने नगर निगम चुनाव में कई वार्डों से अपने उम्मीदवार उतारे हैं। उनके समर्थन में वे जबलपुर आए।
ओवैसी ने कहा कि दलितों, आदिवासियों और मुसलमानों को अपने राजनीतिक अधिकारों के लिए लड़ने के लिए जागना होगा। राजनीतिक अधिकार प्राप्त किए बिना विकास संभव नहीं है। मेरा कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ से सीधा सवाल है कि वे बताएं कि ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस छोड़कर भाजपा में क्यों गए।
मैं पहली बार जबलपुर आया हूं, लेकिन अब जीवन भर आऊंगा
ओवैसी ने कहा कि मैं पहली बार जबलपुर आया हूं, लेकिन मुझे यहां जो प्यार मिला, उसने मुझे खुश कर दिया। अब मैं जीवन भर आऊंगा। यहां लीमा गार्डन के लोगों को साजिश कर बेघर कर दिया गया है। कांग्रेस मुसलमानों से कहती है कि तुम चुप रहो, हम तुम्हारी मदद करेंगे, लेकिन हम कहते हैं कि तुम शोर करो, हम तुम्हारे साथ हैं, हम आपको आपका हक दिलवाएंगे।
मध्य प्रदेश में मुसलमानों की शिक्षा का स्तर कम क्यों है? सरकार मुसलमानों पर सबसे कम खर्च क्यों करती है? भाजपा ने लोगों के घर तोड़े लेकिन ऊपर वाला सब देखता है। भाजपा सरकार भेदभाव, तुष्टिकरण की राजनीति करती है लेकिन चीन पर ध्यान नहीं देती। चीन इसकी ओर घुसा चला आ रहा है।