Bhopal Aviation News: भोपाल से दिल्ली तक एयर कनेक्टिविटी बढ़ी, पुणे की उड़ान रद होने से यात्रियों में नाराजगी
Bhopal Aviation News भोपाल और पुणे के बीच चलने वाली अपनी एकमात्र उड़ान को एयर इंडिया ने बंद कर दिया है जबकि भोपाल से दिल्ली तक एयर कनेक्टिविटी अब बढ़ा दी गई है। एयर इंडिया ने अहमदाबाद-पुणे रूट पर भोपाल-पुणे फ्लाइट चलाने का फैसला किया है।
भोपाल, जागरण आनलाइन डेस्क। Bhopal Aviation News: एयर इंडिया (Air India) ने भोपाल और पुणे के बीच चलने वाली अपनी एकमात्र उड़ान को बंद करने की घोषणा की है। यह फ्लाइट 20 अगस्त से संचालित नहीं होगी। इसकी जगह दिल्ली रूट पर दोपहर की फ्लाइट शुरू की जा रही है।
नई उड़ान शुरू होने से भोपाल से दिल्ली का हवाई संपर्क सबसे मजबूत हो जाएगा। वहीं, पुणे की उड़ान की सुविधा रद होने पर यात्रियों ने नाराजगी जताई है।
बड़ी संख्या में छात्र, आईटी पेशेवर आदि भोपाल से पुणे की यात्रा करते हैं। फ्लाइट रुकने से उन्हें परेशान होना पड़ेगा। पुणे जाने वाली ट्रेनों में भी रिजर्व टिकट आसानी से नहीं मिलते हैं। ट्रेन का लंबा सफर होने के कारण कई लोग हवाई जहाज से जाना पसंद करते हैं।
बताया जा रहा है कि पुणे की फ्लाइट की स्लॉट अवधि खत्म होने के कारण कंपनी को फ्लाइट को रोकने का फैसला करना पड़ा है। एयर इंडिया ने अहमदाबाद-पुणे रूट पर भोपाल-पुणे फ्लाइट चलाने का फैसला किया है। एयरफोर्स पुणे में हवाई अड्डे का संचालन करती है।
आमतौर पर लंबी अवधि के स्लॉट यहां से जारी नहीं किए जाते हैं। एयर इंडिया के स्टेशन मैनेजर श्याम टेकम का कहना है कि नया स्लॉट मिलने के बाद फ्लाइट को फिर से शुरू किया जा सकता है।
दिल्ली से हवाई संपर्क बढ़ेगा
भोपाल से दिल्ली के लिए हवाई संपर्क अब बढ़ेगा। एयर इंडिया भी शनिवार से दोपहर दिल्ली की उड़ान शुरू कर रही है। दिल्ली तक पहले से ही चार उड़ानें चल रही हैं।
इनमें से तीन इंडिगो और एक एयर इंडिया का है। अब कुल पांच उड़ानें होंगी। दिल्ली जाने वालों के पास सुबह दो फ्लाइट, दोपहर में एक और रात में दो फ्लाइट लेने का विकल्प होगा।
पुणे की फ्लाइट को रोकना उचित नहीं
भोपाल से पुणे रूट पर केवल एक फ्लाइट को रोकना उचित नहीं है। यात्रियों को इससे परेशानी होगी। इस बारे में शीर्ष प्रबंधन से बात करेंगे। इंडिगो की नेटवर्क प्लानिंग टीम से भी पुणे फ्लाइट शुरू करने का अनुरोध किया जाएगा।
- प्राची बलुआपुरी, टीम लीडर सपोर्ट भोपाल फार एयर कनेक्टिविटी
भोपाल से पुणे के लिए फ्लाइट होना जरूरी है। जिस फ्लाइट को बंद किया जा रहा है उसकी अच्छी बुकिंग हो रही थी। कम किराए में टिकट नहीं मिल रहा था, फिर भी यात्री बुकिंग करते रहे क्योंकि एक ही फ्लाइट थी। इसे पुनः आरंभ करें।
- ओमप्रकाश रीझवानी, ट्रेवलर्स एजेंट।
दिल्ली-भोपाल-दिल्ली दोपहर की उड़ान संख्या एआइ 433/434 का शेड्यूल (20 अगस्त से प्रारंभ नई उड़ान)
दिल्ली से प्रस्थान - सुबह 11.10 बजे
भोपाल आगमन - दोपहर 12.45 बजे
भोपाल से प्रस्थान - दोपहर 01.30 बजे
दिल्ली आगमन - दोपहर 03.10 बजे