अनोखा क्रिकेट: संस्कृत में कामेंट्री, धोती-कुर्ता पहनकर खिलाड़ियों ने लगाए चौके-छक्के
आपने ऐसा अनूठा क्रिकेट मैच शायद ही कहीं देखा हो। यह इस आयोजन का दूसरा साल है। इस प्रतियोगिता में समस्त कर्मकांडी ब्राह्मण जो वैदिक संस्थानों में पठन-पाठन करते कर्मकांड करते हैं भागवत कथा सुनाने का कार्य करतेधोती कुर्ता पहन कर क्रिकेट के मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
भोपाल, जेएनएन। क्रिकेट मैच शुरू होने से होने पहले पिच पर जाकर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सिक्का उछालकर टास हुआ। फिर वैदिक ब्राह्मणों ने धोती-कुर्ता पहनकर मैदान में पहुंचकर गेंदबाजी में अपने जौहर दिखाए, वहीं बल्ला घुमाते हुए खूब चौके-छक्के लगाए। ऐसा अद्भुत मैच मध्यप्रदेश के भोपाल में हुआ।
राजधानी भोपाल में एक ऐसा मैच हुआ जो आपने शायद हीं ऐसा अनूठा क्रिकेट मैच कहीं देखा हो। भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वैदिक कर्मकांड करने वाले ब्राह्मणों ने धोती-कुर्ता पहनकर क्रिकेट खेला। इतना ही नहीं, क्रिकेट मैच की कामेंट्री भी संस्कृत में की गई। महर्षि महेश योगी के जन्मोत्सव पर यह अनूठी क्रिकेट प्रतियोगिता अंकुर खेल मैदान शिवाजी नगर क्रिकेट वैदिक मंत्रों के साथ शुरू हुई।
संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष ने बताया कि संभवत: प्रदेश में इस तरह का यह पहला क्रिकेट आयोजन है, जिसमें धोती-कुर्ता पहनकर क्रिकेट खेला जा रहा है और संस्कृत भाषा में कामेंट्री की जा रही है। सभी वैदिक ब्राह्मण संस्कृत भाषा का उपयोग करते हुए कर्मकांड के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करते हैं और खेल भावना हर मनुष्य के मन में होती है। इस क्रिकेट आयोजन में इसकी बखूबी झलक मिलती है।
मालूम हो कि यह इस आयोजन का दूसरा साल है। इस प्रतियोगिता में समस्त कर्मकांडी ब्राह्मण जो वैदिक संस्थानों में पठन-पाठन करते कर्मकांड करते हैं, भागवत कथा सुनाने का कार्य करते हैं, उन्होंने धोती कुर्ता पहन कर क्रिकेट के मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जानकारी हो कि वैदिक कर्मकांडी ब्राह्मणों के क्रिकेट मैच 20 जनवरी तक चलेंगे। 10-10 ओवर के मैच रहेंगे। इसमें दो टीमों के 11-11 ब्रह्मण मैच खेलेंगे। 12 टीमें क्रिकेट खेलेंगी। दोपहर 12 से शाम पांच बजे तक एक दिन में चार मैच होंगे। विजेता टीम को 11 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। वहीं उपविजेता टीम को 5100 रुपये पुरस्कार राशि मिलेगी। विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को वैदिक पाठ की पुस्तक व पंचांग भी वितरण किए जाएंगे।
वहीं आयोजकों ने बताया की महर्षि महेश योगी जी के इच्छानुसार यह कार्य वैदिक ब्राह्मण कर रहे हैं। महर्षि महेश योगी कहते थे कि हमारे वैदिक ब्राह्मण हर क्षेत्र में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएं, ऐसा होना चाहिए। इसी को देखते हुए धोती-कुर्ता में क्रिकेट मैच खेला गया। पिछले साल 10 से 12 जनवरी तक कर्मकांडी ब्रह्मणों के मैच हुए थे। महर्षि वैदिक परिवार की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को कपिल मुनि एकादश को संस्थान एकादश ने आठ विकेट से हराया।