मध्य प्रदेश के मंदसौर में भयानक हादसा, बरातियों से भरी बस पलटी; 10 घायल 2 की हालत गंभीर
Mandsaur Bus Accident मध्य प्रदेश के मंदसौर में शनिवार सुबह एक बारातियों से भरी बस पलट गई। इस हादसे में 10 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
मंदसौर, जेएनएन। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के दलोदा के पास शनिवार को बरातियों से भरी एक बस पलट गई। इस हादसे में 10 लोग घायल हो गए जिनमें दो की हालत गंभीर बतायी गई है। घायलों में अधिकतर महिलायें हैं। हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। बस रतलाम जिले के जावरा तहसील के ग्राम सोहनगढ़ से बारात लेकर दलौदा की ओर आ रही थी। बस के परमिट की जांच की जा रही है जबकि बस की फिटनेस भी खत्म हो चुकी है।
मिली जानकारी के मुताबिक हिना ट्रेवल्स की बस (एमपी 43 पी 0364) जावरा के सोहनगढ़ बारात लेकर दलौदा की ओर आ रही थी। तभी दलौदा थाने के समीप महू-नीमच राजमार्ग पर बालाजी मंदिर के करीब बस पलट गई। इस हादसे में 10 बराती घायल हो गए इनमें दो की हालत गंभीर बतायी गयी है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। घायलों में महिलाओं की संख्या अधिक है।
घटना की सूचना मिलते ही मंदसौर तहसीलदार मुकेश सोनी घायलों को देखने भी जिला अस्पताल पहुंच गए और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। घायलों ने बताया बस जावरा मंदसौर रुट पर चल रही थी, बस चालक बारात छोड़कर फिर से लाइन पर जाने के चक्कर में तेज गति से दौड़ा रहा था। गति काफी तेज होने के कारण यात्रियों ने कई बार उसे टोका लेकिन उसने अनसुना कर दिया। जांच में सामने आया कि बस के कागजात भी पूरे नहीं थे। बस का फिटनेस सर्टिफिकेट भी नहीं मिला।