विजयादशमी पर इस बार कोरोना रूपी रावण के दहन के साथ रावण के हाथों सैनिटाइजर की भी होगी बारिश
Vijayadashami 2021 विजयादशमी पर कहीं रावण के माध्यम से कोरोना से बचाव की जानकारियां दी जाएगी तो कहीं कोरोना रूपी रावण को वैक्सीन रूपी मशाल से दहन किया जाएगा। 111 फीट लंबे रावण का मुंह और आंखें होगी चलायमान।
इंदौर, जेएनएन । विजयादशमी पर रावण दहन के लिए मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के प्रमुख मैदानों में तैयारियां हो गई है। इस बार शहर में दशहरा मैदान पर सबसे बड़ा रावण तैयार किया जा रहा है। बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक रावण दहन इस बार कोरोना महामारी के अंत का संदेश तो देगा। साथ ही लोगों को वैक्सीन लगवाने, मास्क व सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करने का संदेश भी देता नजर आएगा। कहीं रावण का पुतला खड़ा कर दिया गया है तो कहीं तैयारियां जारी है। मालूम हो कि कहीं रावण के माध्यम से कोरोना से बचाव की जानकारियां दी जाएगी तो कहीं कोरोना रूपी रावण को वैक्सीन रूपी मशाल से दहन किया जाएगा।
111 फीट लंबे रावण का मुंह और आंखें होगी चलायमान
स्थान: दशहरा मैदान
रावण की लंबाई- 111 फीट
दशहरा महोत्सव समिति दशहरा मैदान के संयोजक सत्यनारायण सलवाड़िया के अनुसार इस बार 111 फीट लंबा रावण का पुतला बनाया गया है। राम-रावण का युद्ध भी होगा और श्रीराम के बाण से रावण के पुतले का दहन शाम 7.30 बजे होगा। रावण के पुतले का मुंह और आंखें चलायमान होगी। रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाद के भी पुतले होंगे और लंका भी बनाई जाएगी। वानर सेना और श्रीराम-लक्ष्मण की बारात सांकेतिक रूप से निकाली जाएगी।
भजन संध्या, आतिशबाजी और रावण दहन
स्थान: विजय नगर मैदान
रावण की लंबाई- 51 फीट
विजय नगर क्षेत्र में मंगल सिटी के पास स्थित मैदान में 51 फीट उंचे रावण के पुतले का दहन होगा। रावण का पुतला कोरोना रूपी बनाया गया है जिसके दहन से कोरोना संक्रमण के अंत का संदेश दिया जाएगा। आयोजन स्थल पर सैनिटाइजर और मास्क के इस्तेमाल और शारीरिक दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाएगी। रावण दहन विजय नगर उत्सव समिति के संयोजक मुन्नाालाल यादव और अध्यक्ष भारत देशमुख के अनुसार यहां शाम 7 बजे से भजन संध्या भी होगी जिसमें गन्नाू महाराज प्रस्तुति देंगे। इसके बाद आकर्षक आतिशबाजी होगी और फिर रात नौ बजे रावण दहन होगा।
दशानन का हर मुंह अलग-अलग होगा धड़ से अलग
स्थान: चिमनबाग मैदान
रावण की लंबाई- 51 फीट
प्रतिवर्ष करीब 120 फीट लंबा रावण का पुतला यहां दहन होता है इस बार कोरोना के चलते 51 फीट का ही रावण दहन होगा। दशहरा उत्सव समिति चिमनबाग मैदान के संयोजक अरविंद यादव और अध्यक्ष अनिल यादव के अनुसार इस बार रावण के 10 मुंह एक-एक करके अलग किए जाएंगे और उसके बाद रावण दहन होगा। हनुमानजी वानर सेना के साथ यहां लंका दहन भी करेंगे। चिमनबाग मैदान में रात 8 बजे रावण दहन होगा।
रावण करेगा सैनिटाइजर की बारिश
स्थान: उषागंज हाई स्कूल मैदान
रावण की लंबाई: 51 फीट
समिति अध्यक्ष कपिल तिवारी और संयोजक किशोर मीणा ने बताया कि समिति द्वारा तैयार रावण का पुतला कौमी एकता का प्रतीक भी है। इसे हिंदु-मुस्लिम दोनों ही संप्रदाय के युवा मिलकर तैयार करते हैं। एकता सहयोग समिति द्वारा रात 8 बजे बजे उषागंज हाई स्कूल मैदान पर रावण के 51 फीट लंबे पुतले का दहन किया जाएगा। यहां रावण कोरोना को दूर करने के लिए 50 हजार लीटर सैनिटाइजर की बारिश भी करेगा।
वैक्सीन रूपी मशाल से किया जाएगा दहन
स्थान: श्रीकृष्ण टाकिज के सामने
रावण की लंबाई: 21 फीट
संस्था संयोजक सन्नी पठारे ने बताया कि 21 फीट लंबे रावण का दहन 15 फीट लंबी वैक्सीन रूपी मशाल से किया जाएगा। रावण दहन फेसबुक के जरिए लाइव भी दिखाया जाएगा ताकि महामारी के इस दौर में भीड़ मैदान तक कम आए। दुर्गेश राजपूत द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां भी दी जाएगी। संस्था सूर्यमंच द्वारा रात नौ बजे रावण दहन किया जाएगा।