भाजपा प्रत्याशी ने की मो. अली जिन्ना की तारीफ, कहा- वे PM बने होते, तो नहीं होते भारत के टुकड़े
रतलाम-झाबुआ लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी गुमान सिंह डामोर ने मोहम्मद अली जिन्ना की तारीफ में कसीदे पढ़ दिए। उन्होंने कहा कि वो एक वकील एक विद्वान व्यक्ति थे।
भोपाल, एएनआइ। रतलाम-झाबुआ लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी गुमान सिंह डामोर ने पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की तारीफ में कसीदे पढ़ दिए। उन्होंने देश के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू पर देश के विभाजन का ठीकरा फोड़ते हुए कहा कि आजादी के समय अगर नेहरू जिद नहीं करते, तो इस देश के दो टुकड़े नहीं होते। मो. जिन्ना एक वकील, एक विद्वान व्यक्ति, अगर उस वक्त फैसला लिया होता कि हमारा पीएम मो. जिन्ना बनेगा, तो इस देश के टुकड़े नहीं होते। एक जनसभा को संबोधित करते हुए गुमान सिंह ने यह कहा कही।
#WATCH Gumansingh Damor, BJP candidate from Ratlam-Jhabua LS seat: Azadi ke samay agar Nehru zidd nahi karte, to is desh ke 2 tukde nahi hote. Mohd Jinnah, ek advocate, ek vidwan vyakti, agar us waqt decision liya hota ki hamara PM Md. Jinnah banega, to is desh ke tukde nahi hote pic.twitter.com/w9mRk9K9ju
— ANI (@ANI) May 11, 2019
इससे पहले मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में शत्रुघ्न सिन्हा ने भी जिन्ना को देश की आजादी का नायक बता दिया था और कहा था कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी से लेकर सरदार पटेल से लेकर जिन्ना से लेकर नेहरू, इंदिरा, राजीव गांधी से लेकर राहुल गांधी से लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पार्टी है। सिन्हा ने कहा कि इन सभी का देश के विकास में सबसे महत्वपूर्ण और सबसे बड़ा योगदान था, इसलिए हम यहां पर आए हैं।
बयान के बाद बवाल मचा तो बिहारी बाबू ने सफाई दी। सिन्हा ने कहा कि वो तो मेरी जुबान फिसल गई थी। मुझे मौलाना आजाद कहना था और मैं मोहम्मद अली जिन्ना कह गया। बता दें कि भाजपा ने इसे लेकर शत्रुघ्न सिन्हा पर जमकर हमला बोला था। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा प्रत्याशी गुमान सिंह डामोर के ऊपर पार्टी का क्या बयान आता है।
बता दें कि मोहम्मद अली जिन्ना को पाकिस्तान के संस्थापक के रूप में जाना जाता है। वे मुस्लिम लीग के नेता थे जो आगे चलकर पाकिस्तान के पहले गवर्नर जनरल बने। पाकिस्तान में, उन्हें आधिकारिक रूप से क़ायदे-आज़म यानी महान नेता और बाबा-ए-क़ौम यानी राष्ट्र पिता के नाम से नवाजा जाता है। उनके जन्म दिन पर पाकिस्तान में अवकाश रहता है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप