MP Assembly Session: कृषि मंत्री कंषाना को सदन में आया चक्कर, बेसुध हुए, सीएम ने देखा, अस्पताल पहुंचाया
भोपाल में विधानसभा सत्र के दौरान कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना को चक्कर आ गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तुरंत मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी और बाद में अस्पताल जाकर मंत्री कंषाना का हालचाल जाना। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।

कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना (फाइल फोटो)
डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना मंगलवार को विधानसभा सत्र की दूसरे दिन की कार्यवाही के दौरान सदन में बेसुध हो गए। उन्हें चक्कर आया और वे अपने स्थान पर एकतरफ झुक गए। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने उन्हें देखा और वे वहां पहुंचे। इससे सदन में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जिसे देख अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सदन की कार्यवाही दस मिनट के लिए स्थगित कर दी। इस बीच मंत्री विश्वास सारंग सहित अन्य मंत्री पहुंचे और फिर अस्पताल ले जाया गया। जहां आराम करने की सलाह दी गई।
प्रश्नकाल के दौरान सवा 11 बजे के करीब मंत्री एदल सिंह कंषाना अपने स्थान पर बैठे थे। उन्हें खांसी आई और चक्कर आने लगा। बेसुध होते हुए वे एक तरफ झुकने लगे। सदन से निकल रहे म़ुख्यमंत्री ने उन्हें देखा और आसंदी के पास पहुंचे। इतने में पास बैठे विश्वास सारंग तेजी से आगे बढ़े। अन्य सदस्य भी वहां पक्ष-प्रतिपक्ष के अन्य सदस्य भी वहां पहुंचे।
सदन की कार्यवाही रोकी
स्थिति को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सदन की कार्यवाही दस मिनट के लिए स्थगित करने की घोषणा की और अपने स्थान से नीचे पहुंचे। कुछ देर बाद विश्वास सारंग और लखन पटेल उन्हें लेकर अस्पताल चले गए। बंसल अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया। बाद में विधानसभा अध्यक्ष उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे।
यहां कंषाना ने बताया कि बैचेनी हो रही थी, असहज लग रहा था। सोचा कुछ देर जाकर आराम कर लूं, इतने में खांसी आ गई और फिर चक्कर आ गया। लग रहा है कि नींद नहीं हो पाई। अध्यक्ष ने उनसे कहा कि कभी ऐसा लगे तो कक्ष में जाकर आराम कर लेना चाहिए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।