लंबे-चौड़े वादों से सावधान रहे जनता: सोनिया
नौपदा। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लोगों को आगाह किया कि वे राजनीतिक दलों के लंबे-चौड़े वादों के झांसे में न आएं। शनिवार को ओडिशा के नौपदा जिला स्थित खरियार में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दल चुनाव पूर्व जनता से बड़े-बड़े वादे करते हैं और सत्ता पाने के लिए लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश की नवीन पटनायक सरकार को भी कटघरे में खड़ा किया।

ओडिशा के पिछड़े क्षेत्र में आयोजित सभा में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 'आप सपने दिखाने वालों पर विश्वास नहीं कर सकते। ये लो सिर्फ कुर्सी हथियाने के लिए आपका इस्तेमाल कर रहे हैं, वास्तव में इन्हें आपकी कोई जरूरत नहीं है।' उन्होंने बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए ये राजनीतिक दल लोगों को बरगला रहे हैं। कांग्रेस ने हमेशा गरीब, पिछड़े, दलित व निम्न वर्ग वालों का साथ दिया है।
सोनिया ने कहा कि ओडिशा की नियमगिरी पहाड़ी को प्रदेश की बीजद सरकार ने खनन के लिए दांव पर लगा दिया था। लेकिन कांग्रेस के प्रयास से ही उसे बचाया जा सका। मामले पर राहुल गांधी ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए आदिवासियों के हितों की रक्षा की। कांग्रेस ने ही आदिवासियों को उनकी जमीनों व जंगलों का अधिकार सौंपा। उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार की मनरेगा योजना के चलते गांवों में भी लोगों का स्तर ऊपर उठा है। कांग्रेस की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार देने के बाद तीसरी बार मौका मिला तो स्वास्थ्य का अधिकार भी देंगे।
उन्होंने प्रदेश की बीजद सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये दिए, लेकिन भ्रष्टाचार के चलते यहां कोई विकास नहीं हो सका।