मोदी के विजय ट्वीट ने सभी रिकॉर्ड तोड़े
मतगणना वाले दिन भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की ओर से किए गए ट्वीट ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मोदी का यह विजय ट्वीट देश भर में सबसे ज्यादा बार री-ट्वीट किया जाने वाला ट्वीट बन गया है।
नई दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। मतगणना वाले दिन भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की ओर से किए गए ट्वीट ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मोदी का यह विजय ट्वीट देश भर में सबसे ज्यादा बार री-ट्वीट किया जाने वाला ट्वीट बन गया है।
चुनाव में शुक्रवार को बहुमत मिलने के बाद मोदी ने ट्वीट किया था 'इंडिया हैज वॉन! भारत की विजय। अच्छे दिन आने वाले हैं।' इस ट्वीट को कुछ देर बाद ही 51,000 बार री-ट्वीट किया गया है और 32,000 लोगों ने इस पर अपनी पसंद (फेवरिट) की मुहर लगाई। ट्विटर के भारत के आधिकारिक अकाउंट ने भी पुष्टि की है कि यह ट्वीट भारत में सबसे ज्यादा बार री-ट्वीट किया जाने वाला ट्वीट बन गया है। इसके अलावा यह सबसे तेजी से 10 हजार, 20 हजार, 40 हजार और 50 हजार के री-ट्वीट तक पहुंचने वाला ट्वीट भी है। खबर लिखे जाने तक इसे 51,365 बार री-ट्वीट किया जा चुका है और 31,198 लोग इसका फेवरिट का बटन दबा चुके हैं। हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस ट्वीट को नंबर वन बनने में अभी लंबी दूरी तय करनी बाकी है। दूसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का पत्नी मिशेल को गले लगाते हुए तस्वीर के साथ किया गया 'फोर मोर इअर्स' का ट्वीट 7,74,933 बार रिट्वीट किया गया था और इसे 2,94,571 लोगों ने अपना फेवरिट चुना था। एक दिन पहले ही ट्विटर ने बताया था कि 1 जनवरी से 12 मई 2014 के बीच चुनाव संबंधित कुल 5.6 करोड़ ट्वीट किए गए।