भाजपा को दूर रखने के लिए कांग्रेस बाहरी समर्थन लेने को तैयार
कांग्रेस ने शनिवार को यह स्पष्ट कर दिया कि वह लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में तीसरी बार संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार बनाने के लिए बाहरी समर्थन लेने को तैयार है। रक्षा मंत्री एके एंटनी ने कहा कि पार्टी ऐसा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के सत्तासीन होने के खतरे से बचने के लिए करेगी। एंटनी
तिरुअनंतपुरम। कांग्रेस ने शनिवार को यह स्पष्ट कर दिया कि वह लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में तीसरी बार संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार बनाने के लिए बाहरी समर्थन लेने को तैयार है। रक्षा मंत्री एके एंटनी ने कहा कि पार्टी ऐसा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के सत्तासीन होने के खतरे से बचने के लिए करेगी। एंटनी ने अपने को पाक का एजेंट बताने से जुड़े नरेंद्र मोदी के तीन एके वाले बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वेंकैया नायडू ने भी कहा है कि एंटनी पाकिस्तान के एजेंट और भारत के दुश्मन नहीं हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एंटनी ने उन अनुमानों को खारिज कर दिया कि अगली सरकार बनाने की चुनावी दौड़ में भाजपा सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि वह संप्रग की ऐसी सरकार बनने की स्पष्ट संभावना देख रहे हैं जिसमें अन्य पार्टियां समर्थन देंगी। कांग्रेस खुद भी इस तरह का समर्थन लेने के लिए तैयार है। मोदी पर निशाना साधते हुए हुए एंटनी ने कहा कि जिस विचार धारा के वह प्रतीक हैं वह राष्ट्र की एकता और शांति के खिलाफ है। भाजपा के एजेंडे खासकर इसके प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार मोदी के एजेंडे ने तो देश की एकता को ही खतरे में डाल दिया है। अपने बारे में मोदी की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि कोई भी देशभक्त रक्षा बलों का मनोबल गिराने वाली और दुश्मनों की मदद करने वाली भाषा का इस्तेमाल नहीं करेगा खासकर जो प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी हो। एंटनी यहां प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में भाग ले रहे थे। आप के बारे में उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को सपने देखने का अधिकार है। एक बार यदि आपने लॉटरी जीत ली तो इसका यह मतलब नहीं है कि हर बार आप जीतेंगे।
मोदी बयान पर उन्होंने कहा कि सिर्फ व्यक्तिगत हमले से मुझे दुख नहीं हुआ है बल्कि ऐसी बातों से सशस्त्र बलों का मनोबल गिर सकता है और दुश्मनों को मदद मिल सकती है।' मोदी ने हाल में एक रैली में कहा था कि पाकिस्तान के तीन सिपहसालार मिल गए हैं। तीनों एके हैं। उसमें एक एके राइफल है। दूसरे एके एंटनी रक्षा मंत्री हैं व तीसरे एके-49 अरविंद केजरीवाल हैं जिन्होंने अभी-अभी पार्टी बनाई है।