Coronavirus : यूरोप पर मंडराया कोरोना महामारी के दूसरे दौर का खतरा, जर्मनी में फिर रिकॉर्ड मामले

दुनिया में अमेरिका के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित ब्राजील में संक्रमित लोगों का आंकड़ा लगातार तेज गति से बढ़ता जा रहा है।

By Tilak RajEdited By: Publish:Thu, 06 Aug 2020 09:31 PM (IST) Updated:Thu, 06 Aug 2020 09:31 PM (IST)
Coronavirus : यूरोप पर मंडराया कोरोना महामारी के दूसरे दौर का खतरा, जर्मनी में फिर रिकॉर्ड मामले
Coronavirus : यूरोप पर मंडराया कोरोना महामारी के दूसरे दौर का खतरा, जर्मनी में फिर रिकॉर्ड मामले

बर्लिन, एजेंसियां। यूरोप पर दूसरे दौर की कोरोना महामारी का खतरा मंडराने लगा है। जर्मनी, स्पेन, फ्रांस और ब्रिटेन में हाल के दिनों में नए मामलों में कुछ तेजी देखी जा रही है। जर्मनी में गत तीन माह बाद एक दिन में रिकॉर्ड नए संक्रमित पाए गए, जबकि स्कॉटलैंड के एबरडीन शहर में कोरोना के प्रकोप को रोकने के प्रयास में दोबारा लॉकडाउन लगा दिया गया है। इन यूरोपीय देशों में हाल के महीनों में संक्रमण की दर में काफी गिरावट दर्ज की गई थी।

जर्मनी के राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र ने बताया कि देशभर में बुधवार को एक हजार 45 नए मामले मिले। गत सात मई के बाद देश में पहली बार एक हजार से ज्यादा नए संक्रमित पाए गए। इस यूरोपीय देश में गत अप्रैल में जब महामारी अपने चरम पर थी तो रोजाना औसतन छह हजार से ज्यादा मामले मिल रहे थे।

अधिकारियों ने गत हफ्ते कहा था कि कोरोना की रोकथाम के लिए जर्मनी के नागरिक मास्क पहनने और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन कर रहे हैं। इस देश में अब तक कुल दो लाख 13 हजार संक्रमित पाए गए और 9,175 की मौत हुई।

इधर, स्कॉटलैंड की प्रथम मंत्री निकोला स्टर्जन ने बताया कि पोर्ट शहर एबरडीन में नए मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसी के चलते शहर के बार, कैफे और रेस्तरां को बंद करने का आदेश देने के साथ ही नई पाबंदियां भी लगा दी गई हैं। शहर के एक बार से जुड़े संक्रमण के 54 मामले सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है। स्कॉटलैंड में कुल 18 हजार 781 लोग संक्रमित पाए गए, जबकि ब्रिटेन में अब तक कुल तीन लाख सात हजार मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 46 हजार से ज्यादा की जान गई है।

ब्राजील में फिर मिले 50 हजार से ज्यादा नए संक्रमित

दुनिया में अमेरिका के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित ब्राजील में संक्रमित लोगों का आंकड़ा लगातार तेज गति से बढ़ता जा रहा है। इस लैटिन अमेरिकी देश में फिर 50 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि देश में बीते 24 घंटे में 57 हजार 152 नए मामले पाए गए। एक दिन पहले भी 51 हजार से ज्यादा नए केस मिले थे। अब तक कुल 28 लाख 60 हजार से ज्यादा लोग पीडि़त हो चुके हैं, जबकि 97 हजार से अधिक की जान गई है।

इजरायल में पाए गए 1,721 नए पॉजिटिव

इजरायल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में 1,721 नए पॉजिटिव केस पाए जाने से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 77 हजार 919 हो गई है, जबकि अब तक 565 पीडि़तों की मौत हुई है। इस बीच सरकार ने सप्ताहांत के दौरान दुकानों को खोले जान पर लगी रोक को हटाने का निर्णय लिया है।

इन देशों में भी बढ़ रहे मामले

जापान : आइची प्रांत में कोरोना के मामले बढ़ने पर हेल्थ इमरजेंसी का एलान कर दिया गया। यहां रोजाना 100 से ज्यादा मामले मिल रहे।

वियतनाम : अधिकारियों ने देश में आने वाले दस दिनों में महामारी के चरम पर पहुंचने का अंदेशा जताया है। इस बीच नौवें पीडि़त की मौत हो गई।

पाकिस्तान : 727 नए कोरोना रोगी पाए जाने से संक्रमित लोगों की तादात दो लाख 81 हजार से ज्यादा हो गई है। 6,035 पीडि़तों की जान गई है।

फिलीपींस : 3,561 नए केस मिलने से देश में संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख 20 हजार हो गया है। जबकि 2,150 कोरोना रोगियों की मौत हुई।

नेपाल : राजधानी काठमांडू में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए दोबारा पाबंदियां लगा दी गई हैं। देश में कुल 21 हजार 390 संक्रमित मिले हैं।

chat bot
आपका साथी