पुतिन ने ब्रिटिश राजनीति में रूस के दखल से किया इनकार

पुतिन ने कहा वह देशहित में काम करते हैं कौन क्या कहता है परवाह नहीं।

By Nitin AroraEdited By: Publish:Fri, 20 Dec 2019 08:42 AM (IST) Updated:Fri, 20 Dec 2019 08:42 AM (IST)
पुतिन ने ब्रिटिश राजनीति में रूस के दखल से किया इनकार
पुतिन ने ब्रिटिश राजनीति में रूस के दखल से किया इनकार

मॉस्को, रायटर। ब्रिटेन की राजनीति में रूसी दखल की चर्चाओं को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने खारिज किया है। उलटे उन्होंने ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की प्रशंसा करते हुए कहा है कि उन्होंने ब्रेक्जिट को लेकर जनता के साथ बेहतर समझ विकसित की है जो उनके प्रतिद्वंद्वी नहीं कर पाए। ब्रिटेन में रह रहे पूर्व रूसी जासूस और उसकी बेटी पर रासायनिक हमले के बाद पिछले साल रूस और ब्रिटेन के संबंध बहुत बिगड़ गए थे।

हाल ही में प्रधानमंत्री जॉनसन ने कहा था कि ब्रिटिश राजनीति में रूसी हस्तक्षेप की संसदीय जांच समिति की 50 पेज की रिपोर्ट उन्हें मिल गई है। समय आने पर सरकार उसे सार्वजनिक करेगी। पुतिन वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस उसी से संबंधित एक सवाल का जवाब दे रहे थे। इससे पहले भी उनका कार्यालय इस तरह के हस्तक्षेप से इन्कार करता रहा है। पुतिन ने कहा, कई देशों में ऐसी चर्चा वह अक्सर सुनते रहे हैं। लेकिन अगर कोई रूस के अंदरूनी हालात के बारे में अंदाजा लगाए तो क्या इसे हस्तक्षेप माना जाएगा। आप रूस के साथ जैसा व्यवहार करेंगे, बदले में वह भी वैसा ही करेगा। अगर आप इसे हस्तक्षेप मानते हैं तो मानते रहिए। लेकिन वास्तव में हम ऐसा कुछ नहीं करते।

बीबीसी रिपोर्टर के यह कहने पर कि जॉनसन उनकी (पुतिन की) तुलना हैरी पॉटर की फिल्म के डॉबी से करते हैं। जवाब में पुतिन ने कहा, वह इन बातों की परवाह नहीं करते। जो काम रूस के हित में होते हैं, वे उन्हें करने की कोशिश करते हैं। इस दौरान कौन उनके विषय में क्या कहता है, इसकी वह परवाह नहीं करते। पुतिन ने उम्मीद जताई कि ब्रेक्जिट के बाद ब्रिटेन रूस के साथ मजबूत आर्थिक संबंध बनाना चाहेगा।

chat bot
आपका साथी