ईरान कर रहा परमाणु समझौते का पालन: यूएन

आइएईए के बयान के अनुसार, अमानो ने यह बात संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत निक्की हेली के साथ बैठक में कही।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Publish:Fri, 10 Nov 2017 04:16 PM (IST) Updated:Fri, 10 Nov 2017 04:16 PM (IST)
ईरान कर रहा परमाणु समझौते का पालन: यूएन
ईरान कर रहा परमाणु समझौते का पालन: यूएन

संयुक्त राष्ट्र, एएफपी। ईरान के साथ हुए परमाणु समझौते पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से सवाल खड़े किए गए जाने के बाद संयुक्त राष्ट्र (यूएन) का बड़ा बयान सामने आया है। यूएन की परमाणु निगरानी एजेंसी के प्रमुख युकिया अमानो ने कहा कि तेहरान परमाणु समझौते का पालन कर रहा है। यह ऐतिहासिक समझौता ईरान और छह वैश्विक शक्तियों अमेरिका, रूस, चीन, फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी के बीच साल 2015 में हुआ था।

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आइएईए) के बयान के अनुसार, अमानो ने यह बात संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत निक्की हेली के साथ बैठक में कही। हेली ने दूसरी बार आइएईए प्रमुख से मुलाकात की। इससे पहले अगस्त में वियना में स्थित आइएईए मुख्यालय में अमानो से मुलाकात में हेली ने ईरान पर और नियंत्रण की बात कही थी। वहीं अक्टूबर में राष्ट्रपति ट्रंप ने आगाह किया था कि उनका देश इस परमाणु समझौते से अलग हो सकता है। उन्होंने इसे इतिहास का सबसे बेकार समझौता करार देते हुए इसमें कई खामियां गिनाई थीं।

आइएईए ने बयान में कहा कि हेली और अमानो के बीच ईरान द्वारा परमाणु समझौते की शर्तो के क्रियान्वयन और उसकी निगरानी पर चर्चा हुई। अमानो ने दोहराया कि ईरान परमाणु समझौते से संबंधित प्रतिबद्धताओं का पालन कर रहा है। उन्होंने हेली को आश्वस्त किया कि एजेंसी ईरान के उन सभी स्थानों तक पहुंच बना पाई है जहां के दौरों की आवश्यकता थी। एजेंसी निष्पक्ष तरीके से शर्तो को अमल में लाने का काम जारी रखेगी।

यह भी पढ़ें: यमन में नाकाबंदी नहीं हटी तो पड़ सकता है सबसे बड़ा अकाल : यूएन

chat bot
आपका साथी