Russia Ukraine War: यूक्रेन के इजियुम में मिली 440 शवों वाली एक और सामूहिक कब्र

रूसी सेना ने अप्रैल में जब कीव के निकट बूचा कस्बा छोड़ा था तब वहां पर सैकड़ों शव दफनाए हुए सामूहिक कब्रगाह मिले थे। शवों पर बर्बरता के निशान थे। इसकी अंतरराष्ट्रीय निंदा हुई थी लेकिन इजियुम में पाई गई सामूहिक कब्र सबसे बड़ी है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Fri, 16 Sep 2022 09:22 PM (IST) Updated:Fri, 16 Sep 2022 09:22 PM (IST)
Russia Ukraine War: यूक्रेन के इजियुम में मिली 440 शवों वाली एक और सामूहिक कब्र
सामूहिक कब्र में प्राप्त शव नागरिकों के बताए जा रहे हैं।

कीव, एजेंसी। यूक्रेन में एक और बूचा मिला है। रूसी सेना के छोड़े गए शहर इजियुम में 440 शवों की एक सामूहिक कब्र मिली है। सामूहिक कब्र में प्राप्त शव नागरिकों के बताए जा रहे हैं। उत्तर-पूर्व का यह शहर महीनों तक रूसी सेना के कब्जे में रहने के बाद चंद रोज पहले यूक्रेन की सेना के कब्जे में आया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस ने जो स्थान छोड़ा है, वहां पर बर्बरता के शिकार निर्दोषों के शव मिले हैं। निर्दोषों की मौत के लिए रूसी सेना जिम्मेदार है। लेकिन रूस ने इन शवों के लिए जिम्मेदार होने से इन्कार किया है।

बूचा में सामूहिक कब्रगाह की हुई थी अंतरराष्ट्रीय निंदा

रूसी सेना ने अप्रैल में जब कीव के निकट बूचा कस्बा छोड़ा था, तब वहां पर सैकड़ों शव दफनाए हुए सामूहिक कब्रगाह मिले थे। शवों पर बर्बरता के निशान थे। इसकी अंतरराष्ट्रीय निंदा हुई थी, लेकिन इजियुम में पाई गई सामूहिक कब्र सबसे बड़ी है। यह 1990 से 2000 के बीच हुए बाल्कन युद्ध में मिली सामूहिक कब्रों से भी बड़ी है।

इजियुम को लंबी लड़ाई के बाद रूसी सेना ने जीता था और वहां क्षेत्र का मुख्य रसद भंडार बनाया था। लेकिन सितंबर के पहले सप्ताह में यूक्रेनी सेना ने जोरदार पलटवार करते हुए इजियुम पर फिर से कब्जा कर लिया।

यूक्रेनी सेना ने फिर से किया कब्जा

रूसी सैनिक यहां पर बड़ी मात्रा में हथियार छोड़कर भागे हैं। यूक्रेन के पुलिस प्रमुख इहोर क्लिमेंको ने कहा है कि कब्र में प्राप्त ज्यादातर शव नागरिकों के जान पड़ते हैं। इन शवों में कुछ शव यूक्रेनी सैनिकों के भी हो सकते हैं। इस बीच उत्तर-पूर्व के प्रमुख रेलवे जंक्शन वाले शहर कुपियांस्क के कुछ हिस्से पर यूक्रेनी सेना ने फिर से कब्जा कर लिया है। रूसी कब्जे में रहे यहां के एक पुलिस स्टेशन में उत्पी़ड़न के कई सुबूत मिले हैं।

यूक्रेन ने दो हफ्तों में रूसी सेना से करीब 9,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र छीना

वहां के हवालात की जमीन और दीवारों पर खून के बड़े-बड़े धब्बे मिले हैं। यहीं पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का पोर्टेट जमीन पर पड़ा मिला है। कुपियांस्क पर कब्जे से रूसी सेना की आपूर्ति व्यवस्था बाधित होने के आसार हैं। इस बीच खार्कीव क्षेत्र से हटे रूसी सेना के अधिकारी और सैनिक अब लुहांस्क और डोनेस्क में एकत्रित हो रहे हैं। वे दोनों प्रांतों के कब्जे वाले शहरों और कस्बों को बचाने के लिए रणनीति बना रहे हैं। यूक्रेनी अधिकारियों का दावा है कि उनकी सेना ने बीते दो हफ्तों में रूसी सेना से करीब 9,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र छीना है।

chat bot
आपका साथी