भारत-नेपाल के संबंधों में सुधार का दिख रहा नतीजा, सीमा पर इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट का निर्माण शुरू

भारत और नेपाल के संबंधों में सुधार के संकेत दिखाई पड़ रहे हैं। भारत और नेपाल के बीच पश्चिमी नेपाल के नेपालगंज में सीमा पर इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट(आइसीपी) का निर्माण शुरू होने से मालवाही और यात्री वाहनों का आवागमन सुगम होगा।

By Shashank PandeyEdited By: Publish:Fri, 13 Nov 2020 01:52 PM (IST) Updated:Fri, 13 Nov 2020 01:52 PM (IST)
भारत-नेपाल के संबंधों में सुधार का दिख रहा नतीजा, सीमा पर इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट का निर्माण शुरू
भारत और नेपाल के बीच अब धीरे-धीरे संबंध सुधरते दिख रहे हैं।

काठमांडू, प्रेट्र। भारत और नेपाल के बीच संबंधों में सुधार के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। गुरुवार को पश्चिमी नेपाल के नेपालगंज में इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट (आइसीपी) के निर्माण का कार्य शुरू हो गया। इस सिलसिले में आयोजित समारोह में भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और नेपाल के शहरी विकास मंत्री कृष्ण गोपाल श्रेष्ठ ने हिस्सा लिया। भारतीय दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारत सीमा के दोनों ओर इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट का निर्माण कर रहा है।

इससे दोनों देशों के बीच चलने वाले मालवाही ट्रकों के आवागमन में सहूलियत होगी। इन चेकपोस्ट से उत्पाद एवं सीमाशुल्क वसूली से संबंधित औपचारिकताओं को गति मिलेगी। सारी औपचारिकताएं एक छत के नीचे पूरी होंगी। इससे आवागमन की गति तेज होगी। आइसीपी नेपालगंज के पूरा होने पर आयात और निर्यात से जुड़े वाहनों के साथ ही यात्री वाहनों का आवागमन सुगम हो जाएगा। सारा कार्य सीसीटीवी और अन्य सुरक्षा तंत्र की निगाहों में रहेगा।

आइसीपी में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति और पेयजल की व्यवस्था भी रहेगी। इस परियोजना पर 147.12 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस परियोजना के पूरा होने पर इलाके के सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलेगा और विकास होगा। जबकि भारतीय भूमि इसी तरह का चेकपोस्ट रुपईडीहा में बन रहा है। रुपईडीहा में मई में कार्य शुरू हो चुका है और परियोजना का दस प्रतिशत कार्य पूरा भी हो गया है।

नेपालगंज में आयोजित समारोह में नेपाल में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और नेपाल के शहरी विकास राज्य मंत्री रामबीर मानान्धर भी मौजूद थे। इससे पहले अप्रैल 2018 में वीरगंज का आइसीपी और जनवरी 2020 में विराटनगर का आइसीपी शुरू हो चुका है। दोनों आइसीपी का उद्घाटन दोनों देशों के तत्कालीन प्रधानमंत्रियों ने किया था।

इस बीच नेपाल सरकार ने सूत्रों ने कहा है कि भारत के विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला जल्द  नेपाल दौरे पर जाने वाले हैं। पिछले कुछ समय से दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बाद संबंध फिर से मधुर होने की यह नई शुरुआत है।

chat bot
आपका साथी