China-Taiwan Conflict: ताइवान का दावा, चीन ने रविवार के अभ्यास में 14 युद्धपोतों, 66 विमानों का किया इस्तेमाल

Chinese Military exercise ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि चीन के युद्धपोतों लड़ाकू विमानों और ड्रोन ने लगातार हमले का अभ्यास किया। इस दौरान ताइवान के लड़ाकू विमानों और युद्धपोतों ने उचित तरीके से इस अभ्यास का जवाब दिया।

By Ashisha Singh RajputEdited By: Publish:Sun, 07 Aug 2022 08:19 PM (IST) Updated:Sun, 07 Aug 2022 11:06 PM (IST)
China-Taiwan Conflict: ताइवान का दावा, चीन ने रविवार के अभ्यास में 14 युद्धपोतों, 66 विमानों का किया इस्तेमाल
ताइवान ने कहा- चीनी सेना की हरकतों का दिया उचित जवाब

ताइपे, एजेंसी। चीनी सेना के सैन्य अभ्यास के चौथे और अंतिम दिन रविवार को चीन और ताइवान के युद्धपोतों ने समुद्र में चूहे-बिल्ली का खेल खेला। ताइवान स्ट्रेट में दोनों देशों के दस-दस युद्धपोत काफी नजदीक आकर कई घंटे तक अपनी सैन्य गतिविधियों को अंजाम देते रहे। हालांकि इस दौरान कुछ चीनी युद्धपोतों ने मीडियन लाइन को भी पार किया। यह लाइन ताइवान द्वारा घोषित समुद्री सीमा रेखा है लेकिन चीन इसे नहीं मानता।

ताइवान ने किया दावा

ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने 14 चीनी युद्धपोतों और 66 चीनी विमानों का पता लगाया है। मंत्रालय ने कहा कि बीजिंग ने रविवार को ताइवान जलडमरूमध्य और उसके आसपास रविवार को भी सैन्य अभ्यास जारी रखा। वहीं चीन के सरकारी टेलीविजन पर एंकर ने कहा, यह ऐतिहासिक अभ्यास था। इसमें चीन का एकीकरण महसूस किया गया।

चार दिनों के सैन्य अभ्यास में चीनी सेना की लगातार कोशिश रही कि वह ताइवान स्ट्रेट के मध्य की आभासी मीडियन लाइन पार करे। ताइवान की घोषित सीमा रेखा का उल्लंघन करे। इससे वह एकीकृत चीन की अवधारणा को पुष्ट और ताइवान की संप्रभुता को खारिज करना चाह रही थी। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि चीन के सैन्य अभ्यास के दौरान दोनों देशों की सेनाओं ने जरूरी संयम बरता।

कई मौकों पर समुद्र में चूहा-बिल्ली का खेल चला लेकिन सीधे टकराव की स्थिति कभी नहीं आई। जब एक पक्ष आक्रामकता दिखा रहा होता था, तब दूसरा पक्ष थोड़ा दूर होकर आक्रामकता प्रदर्शित करने की अपनी बारी का इंतजार करता दिखाई देता था। शायद दोनों पक्ष एक-दूसरे को कड़ा संदेश ही देना चाहते थे। चीन जहां अपने अत्याधुनिक हथियारों के जरिये ताकत दिखाने की कोशिश कर रहा था, तो ताइवान की सेना एंटी शिप मिसाइलों और सतह से हवा में मार करने वाले पैट्रियट मिसाइल डिफेंस सिस्टम के साथ मुस्तैद थी। ताइवान ने कहा है कि शनिवार को उसने हवाई सीमा उल्लंघन करने पर चीन के 20 लड़ाकू विमानों और समुद्री सीमा उल्लंघन पर 14 युद्धपोतों को चेतावनी दी थी।

शिन्हुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार गुरुवार को शुरू हुआ सैन्य अभ्यास रविवार को दोपहर में पूरा होना था। लेकिन चीन ने इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की है। ताइवान ने कहा है कि चीन का सैन्य अभ्यास पूरा हो गया है, इसकी वह पुष्टि नहीं कर सकता है। बावजूद इसके ताइवान के यातायात संबंधी मंत्रालय ने यात्री विमानों की उड़ान पर लगा प्रतिबंध हटा लिया है।

चीन के सैन्य अभ्यास को देखते हुए ताइवान ने अपने हवाई क्षेत्र में सभी देशों के यात्री विमान रोक दिए थे। अमेरिका ने चीन के सैन्य अभ्यास को गैर जिम्मेदाराना, उकसावे वाला और गड़बड़ी की मंशा वाला कहा है। कहा है कि अमेरिका ताइवान स्ट्रेट में शांति और यथास्थिति बनाए रखने का पक्षधर है। जबकि चीन ने इसे अपना आंतरिक मामला बताया है।

chat bot
आपका साथी