शेंजेन प्रांत के बाद अब पूरे चीन में कुत्ते का मांस खाने पर रोक की तैयारी में चिनफ‍िंग सरकार

शेंजेन प्रांत के बाद चीन सरकार ने अब पूरे देश में कुत्तों का मांस खाने पर रोक लगाने की तैयारी कर ली है। कृषि मंत्रालय की मानें तो अब कुत्तों को पालतू जानवर माना जाएगा...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 11 Apr 2020 08:41 PM (IST) Updated:Sat, 11 Apr 2020 08:47 PM (IST)
शेंजेन प्रांत के बाद अब पूरे चीन में कुत्ते का मांस खाने पर रोक की तैयारी में चिनफ‍िंग सरकार
शेंजेन प्रांत के बाद अब पूरे चीन में कुत्ते का मांस खाने पर रोक की तैयारी में चिनफ‍िंग सरकार

शंघाई, रायटर। शेंजेन प्रांत के बाद चीन सरकार ने अब पूरे देश में कुत्तों का मांस खाने पर रोक लगाने की तैयारी कर ली है। इस आशय का एक मसौदा प्रस्ताव कृषि मंत्रालय ने तैयार किया है। इसके मुताबिक, चीन में अब कुत्तों को पशुधन नहीं बल्कि पालतू जानवर माना जाएगा। पशु संरक्षण की दिशा में मसौदा प्रस्ताव को गेमचेंजर माना जा रहा है। बता दें कि अभी तक चीन में मांस के लिए कुत्ते और बिल्लियों को बड़े पैमाने पर मौत के घाट उतारा दिया जाता है।

मसौदे के मुताबिक, 'मानव सभ्यता की प्रगति और जानवरों के संरक्षण के प्रति लोगों की बढ़ती चिंता व प्यार के मद्देनजर कुत्ते अब 'साथी पशु' बन गए हैं।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इन्हें पशुधन नहीं माना जाता है। आगे से अब चीन में भी कुत्तों को पशुधन के तौर पर नहीं गिना जाएगा।' इस मसौदे की गाइडलाइन बुधवार को प्रकाशित की गई और इस पर आम लोगों से राय मांगी गई है।

चीन सरकार का यह फैसला कुत्तों के प्रति प्यार नहीं बल्कि कोरोना से उपजे खौफ का परिणाम है। कुत्ते के मांस पर पिछले महीने ही प्रतिबंध लगाने वाली शेंजेन प्रांत की सरकार ने कहा कि कुत्ते और बिल्ली जैसे पालतू जानवर इंसानों के काफी करीब हैं और कई अन्य देशों में भी इनके मांस खाने पर प्रतिबंध है। पशु कल्याण की दिशा में काम करने वाली 'ह्यूमन सोसाइटी इंटरनेशनल' के अनुसार, चीन में अभी भी लगभग एक करोड़ कुत्ते प्रति वर्ष मांस के लिए मार दिए जाते हैं।

उल्‍लेखनीय है कि कोरोना (COVID-19) के दुनियाभर में फैलने के लिए कथित तौर पर चीन की वेट मार्केट को दोषी ठहराया जाता रहा है। इसे बंद करने को लेकर मांगें भी उठती रही हैं। बीते दिनों अमेरिकी सांसदों के एक सर्वदलीय समूह ने भी चीन से कहा था कि वह अपने सभी पशु बाजार (वेट मार्केट) तत्काल बंद कर दे क्योंकि यहां से जानवरों से बीमारियां  इंसानों तक पहुंचने का खतरा है। अमेरिका में चीन के राजदूत क्युई तिनाकाई को लिखे पत्र में सीनेटरों ने कहा था कि चीन को वेट बाजारों को तत्काल बंद करना चाहिए। 

chat bot
आपका साथी