राष्ट्रपति चुनाव : ट्रंप के वकील ने कहा- रूस से जानकारी जुटाना गलत नहीं

2016 के राष्ट्रपति चुनाव में रूस से कथित साठगांठ की जांच कर रहे विशेष वकील राबर्ट मुलर को ट्रंप के खिलाफ कोई सुबूत नहीं मिला।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Mon, 22 Apr 2019 10:10 PM (IST) Updated:Mon, 22 Apr 2019 10:10 PM (IST)
राष्ट्रपति चुनाव : ट्रंप के वकील ने कहा- रूस से जानकारी जुटाना गलत नहीं
राष्ट्रपति चुनाव : ट्रंप के वकील ने कहा- रूस से जानकारी जुटाना गलत नहीं

द न्यूयॉर्क टाइम्स, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निजी वकील रूडी गिउलिएनी ने 2016 के चुनाव में रूस के लोगों से जानकारी जुटाने को गलत नहीं माना है। उन्होंने कहा कि चुनाव अभियान के दौरान अपने प्रतिद्वंदी के खिलाफ विदेश से सूचनाएं इकट्ठा करना गैरकानूनी नहीं है। यदि 2016 में ट्रंप ने भी ऐसा किया तो उसे अपराध नहीं माना जा सकता। हैं। हालांकि वह खुद इसकी सलाह नहीं देते। रूडी सीएनएन के स्टेट ऑफ द यूनियन टॉक शो के दौरान इस संदर्भ में पूछे गए सवालों के जवाब दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि अपने प्रतिद्वंदी के खिलाफ जानकारी जुटाना आम है। अपने विदेशी शत्रु से जानकारी लेने में कुछ भी गलत होने के सवाल पर जोर दिए जाने पर रूडी ने कहा, यह इस बात पर निर्भर करता है कि जानकारी किस तरह की है।

उल्लेखनीय है कि 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में रूस से कथित साठगांठ की जांच कर रहे विशेष वकील राबर्ट मुलर को ट्रंप के खिलाफ कोई सुबूत नहीं मिला। लेकिन जून, 2016 में ट्रंप टावर में हुई बैठक को लेकर अब भी सवाल उठ रहे हैं।

आरोप लग रहे हैं कि इस बैठक में ट्रंप के बेटे डोनाल्ड जूनियर और दामाद जेरेड कुश्नर व अन्य ने कथित तौर पर रूसी वकील से मुलाकात की थी। वे ट्रंप के खिलाफ चुनाव लड़ रही डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन के खिलाफ कुछ जानकारियां लेना चाहते थे।

इन सब का हवाला देते हुए डेमोक्रेटिक सांसदों ने इस मामले में दोबारा जांच की भी मांग की है। इस पर ट्रंप का कहना है कि बार-बार जांच की मांग कर डेमोक्रेटिक बस समय बर्बाद कर रहे हैं। 2020 के चुनाव में उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।

chat bot
आपका साथी