Tension on Taiwan Strait: 55वीं ASEAN बैठक में अमेरिका, आस्ट्रेलिया और जापान हुए एकमत, चीन को दी सलाह

अमेरिकी संसद नैंसी पेलौसी की ताइवान यात्रा के बाद से चीन ने सैन्य अभ्यास बढ़ा दिया है। चीन की इस कार्रवाई से ताइवान जलडमरूमध्य में तनाव बना हुआ है। इस कारण तीनों देशों अमेरिका ऑस्ट्रेलिया और जापान ने इसे बंद करने का आग्रह किया है।

By Shivam YadavEdited By: Publish:Sat, 06 Aug 2022 06:21 PM (IST) Updated:Sat, 06 Aug 2022 06:21 PM (IST)
Tension on Taiwan Strait: 55वीं ASEAN बैठक में अमेरिका, आस्ट्रेलिया और जापान हुए एकमत, चीन को दी सलाह
अमेरिका, जापान और आस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय झंडों की प्रतीकात्मक तस्वीर।

नोम पेन्ह, कंबोडिया (एजेंसी): अमेरिकी संसद की स्पीकर नैन्सी पेलौसी (Nancy Pelosi) की ताइवान यात्रा के साथ ताइवान जलडमरूमध्य (Taiwan Strait) में तनाव तेजी से बढ़ गया। पेलौसी की ताइवान यात्रा से तिलमिलाए चीन ने यहां मिसाइलें दागी और सैन्य अभ्यास बढ़ा दिया है। इस सैन्य अभ्यास पर अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया व जापान ने आपत्ति जताते हुए चीन को इसे तुरंत बंद करने के लिए कहा है।

तीनों देशों ने चीन द्वारा मिसाइल दागी जाने की कार्रवाई की भी निंदा की। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, चीन अपनी सैन्य गतिविधियों को लगातार बढ़ा रहा है और यहां तक कि मध्य रेखा को पार चुका है। वहीं  ताइवान जलडमरूमध्य के आस-पास आज शनिवार को भी कई चीनी विमानों और जहाजों के होने की सूचना मिली है, जिन्हें देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे सभी ताइवान के मुख्य द्वीप पर हमले की तैयारी कर रहे हैं।

इसी बीच, ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि निगरानी प्रणाली, सीएपी विमान, नौसेना के जहाजों और मिसाइल प्रणालियों के अनुसार उसके सशस्त्र बलों ने ऐसी स्थिति की सूचना दी है। शुक्रवार को ताइवान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि 68 चीनी सैन्य विमान और 13 युद्धपोतों ने अभ्यास में भाग लेने के लिए मध्य रेखा को पार किया है।

55वीं आसियान में हुई तीनों देशों के प्रतिनिधियों की मुलाकात

उधर, अमेरिकी विदेश मंत्रालय का कहना है कि नोम पेन्ह में 55वीं आसियान (ASEAN) विदेश मंत्रियों की बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी जे. ब्लिंकन, ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापानी विदेश मंत्री हयाशी योशिमासा ने मुलाकात की है। इस मुलाकात में तीनों देशों के सचिव और विदेश मंत्रियों ने इस बात पर प्रतिबद्धता व्यक्त की है कि स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए ऑस्ट्रेलिया, जापान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय साझेदारी और मजबूत हो।

पीआरसी तुंरत बंद करे सैन्य अभ्यास

अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि वे पीआरसी, चीन (The People's Republic of China) द्वारा किए जाने वाले बैलिस्टिक मिसाइलों के प्रक्षेपण की निंदा करते हैं। चीन के मिसाइल प्रक्षेपण में पांच मिसाइलें जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्रों में गिरी हैं, जिससे तनाव बढ़ा और देश अस्थिर हो गया। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि तीनों देशों के सचिव और विदेश मंत्रियों ने पीआरसी से सैन्य अभ्यास को तुरंत बंद करने का आग्रह किया है।

ताइवान जलडमरूमध्य की शांति और स्थिरता जरूरी

अमेरिकी सचिव और विदेश मंत्रियों ने इस बिंदु पर प्रकाश डाला कि यह साझेदारी साझा हितों और मूल्यों की अडिग नींव पर टिकी हुई है, जिसमें स्वतंत्रता, कानून के शासन, मानवाधिकार, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता, विवादों के शांतिपूर्ण समाधान की प्रतिबद्धता शामिल है। ताइवान जलडमरूमध्य में तनाव कम करने के महत्व के बारे में आसियान (ASEAN) के बयान को दोहराते हुए शांति और स्थिरता बनाए रखने की बात कही। 

नहीं किया गया चीनी नीतियों में कोई बदलाव

अमेरिकी सचिव और विदेश मंत्रियों ने गलत आकलन के जोखिम से बचने के लिए तीनों पक्ष की कूटनीति को साझा किया। चीन की हालिया कार्रवाइयों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे अंतरराष्ट्रीय शांति और स्थिरता को गंभीर रूप से प्रभावित होती है। वहीं अमेरिकी सचिव और दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने इस पर जोर डालते हुए बताया कि उनके देशों में लागू चीनी नीतियों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

chat bot
आपका साथी