न्यूजीलैंड और फिनलैंड में महामारी खत्म होने की ओर, ब्राजील और मेक्सिको में कहर जारी

न्यूजीलैंड और फिनलैंड में कोरोना महामारी खत्म होती लग रही है जबकि दूसरी और ब्राजील और मेक्सिको में बड़ी संख्‍या में मौतों का सिलसिला जारी है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Thu, 04 Jun 2020 09:48 PM (IST) Updated:Thu, 04 Jun 2020 09:48 PM (IST)
न्यूजीलैंड और फिनलैंड में महामारी खत्म होने की ओर, ब्राजील और मेक्सिको में कहर जारी
न्यूजीलैंड और फिनलैंड में महामारी खत्म होने की ओर, ब्राजील और मेक्सिको में कहर जारी

वेलिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका जैसे दुनिया के कई देशों में जहां कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा, वहीं न्यूजीलैंड और फिनलैंड में यह महामारी खत्म होती प्रतीत हो रही है। न्यूजीलैंड में लगातार 13वें दिन कोई नया मामला सामने नहीं आया है। वहीं फिनलैंड में मध्य मई में स्कूलों को खोले जाने के बावजूद संक्रमण में गिरावट देखी जा रही है। इस यूरोपीय देश में रेस्तरां, लाइबे्रेरी, थिएटर और स्पोर्ट कांप्लेक्स भी खोल दिए गए हैं। यूरोप में स्पेन, ब्रिटेन, इटली, जर्मनी और फ्रांस कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित हैं। हालांकि अब इन यूरोपीय देशों में भी नए मामलों में कमी देखी जा रही है।

न्यूजीलैंड में कोरोना का केवल एक केस 

50 लाख की आबादी वाले न्यूजीलैंड में कोरोना संक्रमण का सिर्फ एक ज्ञात मामला है। हालांकि अधिकारियों ने यह आशंका जताई है कि सीमाओं को खोले जाने से दूसरी जगहों से संक्रमित लोग आ सकते हैं। इस देश में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लगाई गई ज्यादातर पाबंदियों को पहले ही हटा दिया गया है। न्यूजीलैंड में महामारी के दौरान डेढ़ हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए थे और 22 की मौत हुई थी। जबकि 55 लाख की आबादी वाले फिनलैंड में कोरोना के करीब सात हजार मामले पाए गए और 321 की जान गई। सरकार ने गत हफ्ते देश के अंदर लोगों की आवाजाही पर लगी पाबंदी भी हटा दी थी।

चीन में सभी बाशिंदों की होगी जांच

चीन में वुहान के बाद अब एक और शहर के सभी बाशिंदों की कोरोना को लेकर जांच कराई जाएगी। रूस से सटे मुदैनजियांग शहर के सभी नागरिकों का कोरोना टेस्ट का आदेश दिया गया है। 28 लाख की आबादी वाले इस शहर में कई मामले पाए गए हैं। कोरोना महामारी का केंद्र रहे 1.1 करोड़ की आबादी वाले वुहान में हाल ही में सभी नागरिकों की जांच की गई थी।

ब्रिटिश मंत्री आलोक शर्मा बीमार

ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने बुधवार को कारोबार मामलों के मंत्री आलोक शर्मा से करीब 45 मिनट तक मुलाकात की थी। वह इस मुलाकात से पहले बीमार रहे और कोरोना को लेकर उनका टेस्ट किया गया है। इस बैठक में वित्त मंत्री ऋषि सुनक भी मौजूद थे। बैठक के दौरान शारीरिक दूरी को अपनाया गया था। दोनों मंत्री भारतीय मूल के हैं। इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि देश में बीते 24 घंटे के दौरान और 359 पीडि़तों ने दम तोड़ दिया।

एक दिन में अमेरिका से ज्यादा मेक्सिको में मौत

कोरोना से रोजाना मरने वालों के मामले में मेक्सिको ने अमेरिका को पीछे छोड़ दिया। मेक्सिको के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि बीते 24 घंटे के दौरान देश में 1,092 पीडि़तों की मौत हुई। इस अवधि में अमेरिका में इससे कम मौतें हुई। मेक्सिको में अब तक एक लाख एक हजार लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। कुल 11 हजार 700 से ज्यादा पीडि़तों की जान जा चुकी है।

ब्राजील में एक दिन में 1,349 की मौत

- ब्राजील में एक दिन में 1,349 पीड़‍ितों की मौत के बावजूद कारोबार और उद्योग-धंधों को खोलने की तैयारी

- पाकिस्तान सरकार ने हवाई यात्रियों को दो दिन के लिए क्वारंटाइन में रखने के नियम को खत्म किया

- वैक्सीन तैयार होने तक रूस की राजधानी मॉस्को में मास्क पहनना अनिवार्य किया गया

- स्पेन की सरकार ने बताया कि 22 जून से पुर्तगाल और फ्रांस से लगती सीमाएं खोल दी जाएंगी

- तुर्की और ईरान ने भी करीब तीन माह बाद आवाजाही के लिए अपनी सीमाओं को खोल दिया

- इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में कुछ पाबंदियों को हटाने का एलान किया गया

सबसे प्रभावित देश

अमेरिका 1,09,176-19,03,868-11,05,881

ब्रिटेन 39,728-279,856-उपलब्ध नहीं

इटली 33,601-2,33,836-39,297

ब्राजील 32,602-5,87,017-2,88,283

फ्रांस 29,021-1,51,677-53,201

स्पेन 27,128-2,87,406-उपलब्ध नहीं

जर्मनी 8,701-184,470-7,969

ईरान 8,071-1,64,270-28,714

रूस 5,384-4,41,108-2,31,101

तुर्की 4,609-1,66,422-30,961

chat bot
आपका साथी