अमेरिका में People's Choice Award से सम्मानित किए गए सुदर्शन पटनायक

अमेरिका में Peoples Choice Award से सम्मानित किए जाने के बाद सुदर्शन पटनायक ने अपना अवार्ड देश के नाम किया है।

By Dhyanendra SinghEdited By: Publish:Sun, 28 Jul 2019 05:29 PM (IST) Updated:Sun, 28 Jul 2019 05:29 PM (IST)
अमेरिका में People's Choice Award से सम्मानित किए गए सुदर्शन पटनायक
अमेरिका में People's Choice Award से सम्मानित किए गए सुदर्शन पटनायक

न्यूयॉर्क, प्रेट्र। रेत पर कलाकृतियां बनाने वाले मशहूर भारतीय कलाकार सुदर्शन पटनायक को अमेरिका में People's Choice Award से नवाजा गया है। बोस्टन में आयोजित 16वें रेवरे बीच इंटरनेशनल सैंड स्कल्पटिंग फेस्टिवल में अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए पटनायक समेत दुनियाभर से केवल 15 कलाकारों को चुना गया था। इस महोत्सव में पटनायक समूचे एशिया का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।

पद्मश्री से सम्मानित ओडिशा के रहने वाले पटनायक ने इस महोत्सव में अपनी कलाकृति 'प्लास्टिक प्रदूषण रोको, महासागर को बचाओ' के जरिये ना सिर्फ दर्शकों का दिल जीता बल्कि उन्हें महासागरों के प्रदूषण के प्रति जागरूक भी किया।

इसमें उन्होंने प्लास्टिक बैग में फंसे कछुए और मछली के पेट में फंसी चप्पल, बोतल आदि को दर्शाया था। मछली की पूंछ इंसान के मुंह में दिखाई गई थी। उनका संदेश था कि प्लास्टिक प्रदूषण से सिर्फ समुद्री जीव ही नहीं मनुष्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

अवार्ड जीतने पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, 'अमेरिका का यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह पुरस्कार भारत के लिए है, जो प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने के लिए गंभीर प्रयास कर रहा है।'

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी