दुनिया में पहली बार एक दिन में मिले पांच लाख संक्रमित, यूरोपीय देशों ने उठाए सख्‍त कदम, पाक में 11 अदालतें सील

दुनिया में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। दुनियाभर में पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड पांच लाख से ज्यादा नए संक्रमित पाए गए हैं। इससे कोरोना रोगियों का वैश्विक आंकड़ा साढ़े चार करोड़ के पार पहुंच गया है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Fri, 30 Oct 2020 08:44 PM (IST) Updated:Fri, 30 Oct 2020 08:44 PM (IST)
दुनिया में पहली बार एक दिन में मिले पांच लाख संक्रमित, यूरोपीय देशों ने उठाए सख्‍त कदम, पाक में 11 अदालतें सील
दुनिया में पहली बार एक दिन में पांच लाख संक्रमित मिले हैं...

वाशिंगटन, एजेंसियां। दुनिया में कोरोना महामारी का कहर बढ़ता ही जा रहा है। विश्व के कई देशों में दूसरे दौर की महामारी बढ़ने पर रोजाना के नए मामलों में रिकॉर्ड उछाल आ रहा है। इसी का नतीजा है कि दुनियाभर में पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड पांच लाख से ज्यादा नए संक्रमित पाए गए हैं। इससे कोरोना रोगियों का वैश्विक आंकड़ा साढ़े चार करोड़ के पार पहुंच गया है। विश्व में अब तक कुल 11 लाख 80 हजार से ज्यादा पीडि़तों की मौत हुई है।

दो हफ्तों में बढ़े 25 फीसद संक्रमित

समाचार एजेंसी रायटर के आंकड़ों से जाहिर होता है कि दुनिया में महज दो हफ्तों में करीब 25 फीसद कोरोना संक्रमित बढ़ गए हैं। विश्व में गत 23 अक्टूबर को पहली बार चार लाख से ज्यादा मामले पाए गए थे। इसके बाद गत बुधवार को पांच लाख से अधिक नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले। दुनिया में अमेरिका और ज्यादातर यूरोपीय देश दूसरे दौर की महामारी की चपेट में हैं। सबसे ज्यादा मामले इन्हीं देशों में बढ़ रहे हैं।

यूरोपीय देशों ने उठाए सख्‍त कदम

यूरोपीय देशों में संक्रमण की रोकथाम के लिए कई सख्त कदम उठाए गए हैं। फ्रांस और जर्मनी में तो लॉकडाउन तक लगा दिया गया है। जबकि ब्रिटेन, स्पेन और इटली में कई सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं। रायटर के डाटा के मुताबिक, यूरोप में गत दो हफ्तों के दौराना रोजाना के नए मामले दोगुने हो गए हैं। इस महाद्वीप में बुधवार को ढाई लाख से ज्यादा केस पाए गए थे। जबकि फ्रांस में गत रविवार को पहली बार 50 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले थे।

अमेरिका में पाए गए रिकॉर्ड 91 हजार संक्रमित

दुनिया में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा जूझने वाले अमेरिका में महामारी फिर बढ़ने लगी है। इस देश में गुरुवार को पहली बार 91 हजार से ज्यादा नए कोरोना रोगी पाए गए। अमेरिका में दूसरे दौर की महामारी ऐसे समय बढ़ रही है, जब राष्ट्रपति चुनाव में महज कुछ दिन बचे हैं। देश के मिशिगन, नार्थ कैरोलिना, पेंसिल्वेनिया, विस्कांसिन और ओहियो जैसे प्रांतों में तेज गति से कोरोना फैल रहा है। अमेरिका में अब तक कुल 92 लाख से ज्यादा संक्रमित मिले हैं। जबकि दो लाख 30 हजार से ज्यादा पीडि़तों की जान गई है।

पाकिस्तान में 11 अदालतें सील

इस्लामाबाद में न्यायाधीशों और कर्मचारियों के कोरोना से संक्रमित पाए जाने के बाद 11 अदालतों को सील कर दिया गया है। सील की गई अदालतों में तीन अतिरिक्त एवं सत्र न्यायाधीशों की हैं। एक वरिष्ठ दीवानी न्यायाधीश और सात दीवानी न्यायाधीशों की अदालतों को भी सील किया गया है। यही नहीं कुछ वकीलों के भी कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। बार एसोसिएशन ने कहा है कि 11 न्यायाधीश और कर्मचारी संक्रमित हुए हैं इसलिए अदालतें अगले 14 दिनों तक बंद रहेंगी। 

chat bot
आपका साथी