दुनियाभर में उत्साह से मनाया गया आजादी का अमृत महोत्सव, बोस्टन में 220 फीट की ऊंचाई पर लहराता ध्‍वज रहा आकर्षण का केंद्र

celebration of 75th independence day दुनिया कई मुल्‍कों में भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई गई। चीन सिंगापुर नेपाल और बांग्‍लादेश में भारतवंशियों ने ध्वजारोहण कार्यक्रम में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पढ़ें यह रिपोर्ट...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Mon, 15 Aug 2022 08:48 PM (IST) Updated:Mon, 15 Aug 2022 08:48 PM (IST)
दुनियाभर में उत्साह से मनाया गया आजादी का अमृत महोत्सव, बोस्टन में 220 फीट की ऊंचाई पर लहराता ध्‍वज रहा आकर्षण का केंद्र
दुनिया के अधिकांश मुल्‍कों में भारत की आजादी का जश्‍न धूमधाम से मनाया गया।

लंदन, एजेंसी। विश्व के विभिन्न देशों में रह रहे भारतवंशियों ने सोमवार को आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर दूतावासों व अन्य स्थानों पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में उत्साह के साथ हिस्सा लिया और राष्ट्रगान गाया। चीन में भारत के राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने दूतावास में ध्वजारोहण किया और उपस्थित भारतवंशियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का संदेश सुनाया।

राष्ट्रभक्ति धुन बजाए

सिंगापुर स्थित भारतीय उच्चायोग में आइएनएस सरयू के 16 सदस्यीय बैंड ने राष्ट्रभक्ति धुन बजाए। उच्चायुक्त पी. कुमारन ने ध्वजारोहण किया। भारत छह महाद्वीपों में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। ब्रिटेन में भारतवंशियों ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत पूर्वी लंदन के वेस्ट इंडिया डाक्स पर पहुंचने पर आइएनएस तरंगिनी का रविवार को भव्य स्वागत किया। रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

गोरखा जवानों के आश्रितों की मदद

नेपाल में उच्चायुक्त प्रसन्न श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान बलिदानी गोरखा जवानों के आश्रितों को 2.65 करोड़ नेपाली रुपये का भुगतान किया गया। तेल अवीव के हर्जलिया में इजरायल स्थित भारत के राजदूत संजीव सिंगला व संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय राजदूत सुंजय सुधीर ने ध्वजारोहण किया।

कनाडा में द ग्रेट इंडिया फेस्टिवल का आयोजन

बांग्लादेश में भारत के राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने 1,500 से ज्यादा भारतीयों को संबोधित किया। कनाडा के ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग में द ग्रेट इंडिया फेस्टिवल का आयोजन किया गया, जिसका भारत की उप उच्चायुक्त मनप्रीत वोहरा ने उद्घाटन किया।

बोस्टन में पहली बार 220 फीट की ऊंचाई पर लहराया झंडा 

मालदीव में भारत के उच्चायुक्त मुनु महावार ने ध्वजारोहण किया। अमेरिका के बोस्टन में पहली बार आयोजित इंडिया डे परेड में 220 फीट की ऊंचाई पर लहराता भारत व अमेरिका का झंडा आकर्षण का केंद्र रहा। इस झंडे को विमान से लहराया गया। आयोजन का नेतृत्व पूर्व क्रिकेटर आरपी सिंह ने किया, जिसमें 30 देशों के हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। 

chat bot
आपका साथी