West Bengal Lockdown : बंगाल में लगातार दूसरे दिन पूर्ण लॉकडाउन के चलते थमा जनजीवन, वीरान रहीं सड़कें, बाजार, कार्यालय रहे बंद

West Bengal Lockdown राज्य सरकार ने कुछ इलाकों में कोरोना वायरस के सामुदायिक संक्रमण को देखते हुए 20 जुलाई को हर सप्ताह 2 दिन संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की थी।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Fri, 21 Aug 2020 10:36 AM (IST) Updated:Fri, 21 Aug 2020 10:04 PM (IST)
West Bengal Lockdown : बंगाल में लगातार दूसरे दिन पूर्ण लॉकडाउन के चलते थमा जनजीवन, वीरान रहीं सड़कें, बाजार, कार्यालय रहे बंद
West Bengal Lockdown : बंगाल में लगातार दूसरे दिन पूर्ण लॉकडाउन के चलते थमा जनजीवन, वीरान रहीं सड़कें, बाजार, कार्यालय रहे बंद

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर बंगाल सरकार के पूर्व घोषित निर्णय के अनुसार लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को पूर्ण लॉकडाउन के चलते राज्य में जनजीवन की रफ्तार थम सी गई। गुरुवार को शुरू दो दिवसीय लॉकडाउन के चलते कोलकाता सहित पूरे राज्य भर में अधिकतर लोगों के घरों में रहने से सुबह से देर रात तक सड़कें वीरान नजर आई। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने कुछ इलाकों में कोरोना वायरस के सामुदायिक संक्रमण को देखते हुए 20 जुलाई को हर सप्ताह 2 दिन संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की थी।

वाहन नदारद, विमानों की नहीं हुई आवाजाही, स्पेशल ट्रेनें रहीं रद्द

जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी दुकानें, बाजार, सरकारी व निजी कार्यालय, व्यापारिक प्रतिष्ठान, बैंक आदि बंद रहे और आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को छोड़ अधिकतर सार्वजनिक परिवहन व अन्य वाहन सड़कों से नदारद रहे। कोलकाता व बागडोगरा एयरपोर्ट से भी इस दिन सभी विमानों की आवाजाही स्थगित रही। वहीं हावड़ा, सियालदह व राज्य के अन्य स्टेशनों से खुलने व आने वाली सभी स्पेशल ट्रेनों की आवाजाही भी बंद रहीं जिसे पहले ही रद्द कर दिया गया था। 

कोलकाता सहित सभी जिलों में हर चौराहों पर मुस्तैद दिखी पुलिस 

पूर्ण लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए कोलकाता और अन्य जिलों में प्रमुख चौराहों व सड़कों पर दोनों दिन पुलिसकर्मी काफी मुस्तैद दिखे, ताकि लोगों को बेवजह घरों से निकलने से रोका जा सके। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आई। जगह-जगह नाका चेकिंग व बैरिकेड भी लगाए गए थे। बिना वैध कारण के सड़कों पर पैदल या वाहन लेकर निकलने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी गई और पूछताछ की गई। जरूरी कारण नहीं बताने पर वाहन जब्त करने के साथ पूरे राज्य भर से बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां की गई।

पूरे राज्य में पुलिस अधिकारियों ने की गश्त, ड्रोन से भी नजर रखी

कोलकाता सहित पूरे राज्य में पुलिस अधिकारियों ने गश्त भी की। कोलकाता पुलिस ने ड्रोन से भी नजर रखी। पूर्ण लॉकडाउन में सिर्फ अत्यावश्यक सेवाएं जैसे दवा व दूध की दुकानें, अस्पताल, बिजली, पानी आदि को छूट दी गई थी। ऑनसाइट रहने वाले श्रमिकों के जरिए फैक्ट्रियों में काम की भी इजाजत थी। इससे पहले इस महीने 5 व 8 अगस्त को पूर्ण लॉकडाउन लागू किया गया था। राज्य में अब अगला पूर्ण लॉकडाउन 27 व 31 अगस्त (गुरुवार व सोमवार) को होगा। 

लॉकडाउन के उल्लंघन में कोलकाता से 750 से ज्यादा लोग गिरफ्तार 

लॉकडाउन संबंधी दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने पर कोलकाता पुलिस ने महानगर के विभिन्न स्थानों से शुक्रवार को 750 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारियां शाम 6 बजे तक की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इनमें 493 लोगों को लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार किया गया एवं उनके खिलाफ आइपीसी की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं, 230 लोगों को मास्क नहीं लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। 26 लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर थूकने के आरोप में पकड़ा गया।इसके अलावा पुलिस ने 22 वाहनों को जब्त किया।

chat bot
आपका साथी